बिजनेस

इंश्योरेंस बेचेगी बाबा रामदेव की पतंजलि, IRDAI ने दी Magma General के अधिग्रहण की मंजूरी

योग के प्रचार से शुरू हुई बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि अब इंश्योरेंस सेक्टर में उतरने जा रही है। बीमा नियामक IRDAI ने पतंजलि को Magma General के अधिग्रहण की मंजूरी दी है। इससे कंपनी जनरल इंश्योरेंस में उतर पाएगी।

Image

बाबा की पतंजली बेचेगी इंश्योरेंस

Patanjali Magma General Acquisition : टूथपेस्ट, घी, आटा, शहद और आयुर्वेदिक दवाओं के बाद अब बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद इंश्योरेंस कारोबार में भी उतरने जा रही है। बीमा नियामक भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने पतंजलि और डीएस ग्रुप के नेतृत्व वाले निवेशक समूह को Magma General Insurance के अधिग्रहण की मंजूरी दे दी है।

करीब ₹4,500 करोड़ की इस डील के पूरा होते ही पतंजलि आधिकारिक तौर पर जनरल इंश्योरेंस सेक्टर में प्रवेश कर जाएगी। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि IRDAI ने 28 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र के जरिए प्रस्तावित शेयर अधिग्रहण को मंजूरी दी है। यह मंजूरी कुछ शर्तों के साथ दी गई है और इसकी वैधता तीन महीने तक रहेगी। इस दौरान खरीदार समूह को सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

किन संस्थाओं को मिली मंजूरी?

IRDAI ने Patanjali Ayurved Ltd, S.R. Foundation, RITI Foundation, RR Foundation, Suruchi Foundation और Swati Foundation को मौजूदा शेयरधारकों से Magma General Insurance के शेयर खरीदने की अनुमति दी है। यह मंजूरी Insurance Act, 1938 की धारा 6A और IRDAI (Registration, Capital Structure, Transfer of Shares and Amalgamation of Insurers) Regulations, 2024 के तहत दी गई है।

एक साल बाद पूरी हुई नियामकीय प्रक्रिया

इस अधिग्रहण की घोषणा सबसे पहले 12 मार्च 2025 को की गई थी। उस समय पतंजलि के नेतृत्व वाले खरीदार समूह और मौजूदा शेयरधारकों के बीच शेयर खरीद समझौते (SPA) पर हस्ताक्षर हुए थे। हालांकि, नियामकीय मंजूरियों में समय लगने के कारण मार्च 2026 में इस समझौते की समयसीमा बढ़ानी पड़ी थी। अब IRDAI की मंजूरी मिलने के बाद करीब एक साल से अधिक समय से लंबित यह डील अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।

पतंजलि के लिए क्यों अहम है यह डील?

अब तक पतंजलि की पहचान एफएमसीजी, खाद्य उत्पाद, आयुर्वेदिक दवाओं और वेलनेस बिजनेस से रही है। Magma General Insurance के अधिग्रहण के बाद कंपनी पहली बार वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में कदम रखेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि देशभर में फैले पतंजलि के विशाल वितरण नेटवर्क और मजबूत ब्रांड पहचान का फायदा कंपनी बीमा उत्पादों की पहुंच बढ़ाने में उठा सकती है। इससे जनरल इंश्योरेंस बाजार में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ सकती है।

अब आगे क्या होगा?

IRDAI की मंजूरी मिलने के बाद खरीदार समूह को अगले तीन महीनों के भीतर शेयर ट्रांसफर और मंजूरी पत्र में तय सभी शर्तों को पूरा करना होगा। इसके बाद पतंजलि आधिकारिक तौर पर Magma General Insurance की प्रमोटर बन जाएगी और जनरल इंश्योरेंस कारोबार में अपनी नई पारी शुरू करेगी।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article