पटरी पर अब नहीं दौड़ेगी तेजस एक्सप्रेस, मुसाफिर नहीं मिलने से आज से बंद हुई ट्रेन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 23, 2020, 11:22 AM IST

यात्री नहीं मिलने की वजह से इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने 23 नवंबर से तेजस एक्सप्रेस का परिचालन रद्द कर दिया है।

पटरी पर अब नहीं दौड़ेगी तेजस एक्सप्रेस, मुसाफिर नहीं मिलने से आज से बंद हुई ट्रेन
Photo Credit: BCCL

लखनऊ:  इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने सोमवार से देश की पहली निजी ट्रेन तेजस एक्सप्रेस का परिचालन रद्द कर दिया है। 23 नवंबर यानी आज से इसका परिचालन बंद कर दिया गया है। आईआरसीटीसी ने यात्रियों की कमी की वजह से लखनऊ-दिल्ली और मुंबई-अहमदाबाद तेजस एक्सप्रेस के परिचालन को बंद करने का निर्णय लिया है।

कोरोनावायरस के कारण निलंबन के बाद तेजस एक्सप्रेस ने अक्टूबर में परिचालन फिर से शुरू किया था। आईआरसीटीसी ने लखनऊ-नई दिल्ली (82501/82502) तेजस एक्सप्रेस को 23 नवंबर से जबकि अहमदाबाद-मुंबई (82901/82902) तेजस एक्सप्रेस को 23 नवंबर से रद्द कर दिया है।

कम यात्रियों की वजह से लिया गया फैसला

आईआरसीटीसी ने एक बयान में कहा कि प्रबंधन ने कोविड-19 महामारी के परिणामस्वरूप कम यात्रियों के कारण आईआरसीटीसीतेजस ट्रेनों के सभी प्रस्थानों को रद्द करने का फैसला किया है। कंपनी इन दोनों मार्गों में परिचालन करने वाली भारतीय रेलवे की अन्य ट्रेनों की ऑक्युपेन्सी लेवल को देखने के बाद अपने फैसले की समीक्षा करेगी।

त्योहार के मद्दनेजर भीड़ को देखते हुए लखनऊ-नई दिल्ली और अहमदाबाद-मुंबई के बीच दो तेजस ट्रेनों को 17 अक्टूबर से फिर से शुरू किया गया था। आईआरसीटीसी ने अपनी पहली कॉर्पोरेट ट्रेन लखनऊ-दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 82501/02 का परिचालन 4 अक्टूबर, 2019 शुरू किया था जबकि अहमदाबाद- मुंबई - अहमदाबाद  तेजस एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 82901/02  19 जनवरी, 2020 को शुरू की गई थी। 

मुसाफिरों को तमाम सुविधाओं के बीच भी नहीं भाई ट्रेन 

ढेरों सुविधाओं के बावजूद रेलवे प्रशासन मुसाफिरों को आकर्षित नहीं कर सका। ऐसे में रेलवे बोर्ड ने आईआरसीटीसी को 23 नवंबर से अगले आदेश तक ट्रेन को निरस्त करने के लिए आदेश दिए हैं। गौर हो कि पहली बार लखनऊ से तेजस का संचालन चार अक्तूबर 2019 को शुरू हुआ था। रविवार को अंतिम बार तेजस सुबह साढ़े छह बजे लखनऊ से नई दिल्ली 200 के करीब यात्रियों को लेकर रवाना हुई। मार्च में लॉकडाउन के बाद तेजस ट्रेन का संचालन 17 अक्तूबर को शुरू हुआ था। एडवांस में 10 दिन का आरक्षण बढ़ाकर एक महीने कर दिया गया। लेकिन तब भी यात्री नहीं मिले । यहां तक कि दिवाली के दिन भी इस ट्रेन को यात्री नहीं मिले लिहाजा 14 नवंबर को यह ट्रेन रद्द करनी पड़ी थी । 

End of Article