भारत में रहते हुए अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश करना अब पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है। भारतीय निवेशक Apple, Microsoft, Google और Tesla जैसी कंपनियों के शेयरों में निवेश करने के लिए कुछ भारतीय ऐप्स और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए अमेरिका में रहने या वहां बैंक खाता खोलने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, निवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म की सुविधा, शुल्क, करेंसी कन्वर्जन और टैक्स से जुड़ी जानकारी समझना जरूरी है-
किन ऐप्स पर मिल रही सुविधा
Zerodha, Vested और Groww जैसे प्लेटफॉर्म भारतीय निवेशकों को अमेरिकी शेयर बाजार तक पहुंच उपलब्ध करवा रहे हैं। लेकिन निवेशकों को यह भी पता होना चाहिए कि उनके शेयर किस ब्रोकर या कस्टोडियन के पास रखे जाते हैं और ऐप बंद होने या सर्विस बदलने की स्थिति में वे अपनी होल्डिंग कैसे ट्रांसफर कर सकते हैं।
Zerodha
Zerodha के ग्लोबल स्टॉक्स सेगमेंट के जरिए भारतीय निवेशक अमेरिकी शेयरों और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में निवेश कर सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, इसके प्लेटफॉर्म पर 2,000 तक अमेरिकी कंपनियों और करीब 1,000 ETF तक पहुंच मिल सकती है। इसमें फ्रैक्शनल निवेश की सुविधा भी है, यानी पूरी हिस्सेदारी खरीदने के बजाय किसी शेयर का छोटा हिस्सा खरीदा जा सकता है। निवेश शुरू करने के लिए निवेशकों को अपने खाते में अमेरिकी शेयरों का सेगमेंट एक्टिवेट करना होगा।
INDmoney
INDmoney के जरिए निवेशक अमेरिकी शेयरों और ग्लोबल ETF में निवेश कर सकते हैं। इसके प्लेटफॉर्म पर कुछ शेयरों में करीब 1 डॉलर से निवेश शुरू करने की सुविधा दी गई है। कंपनी के अनुसार, निवेशक ऐप पर KYC पूरी करके रुपये ट्रांसफर कर सकते हैं और उन्हें डॉलर में बदलकर शेयर खरीद सकते हैं। हालांकि, ब्रोकरेज और करेंसी कन्वर्जन की लागत को ध्यान में रखना चाहिए।
Vested
Vested भारतीय निवेशकों को अमेरिकी शेयरों और ETF में निवेश करने की सुविधा देता है। निवेशक इसके जरिए अलग-अलग कंपनियों में निवेश करने के साथ उपलब्ध थीम आधारित निवेश विकल्पों को भी देख सकते हैं। खाता खोलने से पहले ब्रोकरेज, फंड ट्रांसफर और निकासी से जुड़ी मौजूदा शर्तें जरूर जांचें।
Groww
Groww के जरिए भी अमेरिकी शेयरों में निवेश की सुविधा उपलब्ध है। इस प्लेटफॉर्म पर अमेरिकी बाजार में लिस्टेड कंपनियों और ETF तक पहुंच मिल सकती है। हालांकि, नए खाते खोलने और निवेश की सुविधा की उपलब्धता समय के साथ बदल सकती है। इसलिए निवेश शुरू करने से पहले ऐप में मौजूदा स्थिति और शुल्क की पुष्टि करें।
डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेश से जुड़ा कोई भी निर्णय लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।
