RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को नए ग्राहकों को शामिल करने से रोका, जानें क्या है मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 11, 2022, 06:25 PM IST

पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने 23 मई 2017 को अपना परिचालन शुरू किया था। पेटीएम पेमेंट्स बैंक के चेयरमैन विजय शेखर शर्मा के पास कंपनी में 51 फीसदी हिस्सेदारी है।

RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को नए ग्राहकों को शामिल करने से रोका, जानें क्या है मामला
Photo Credit: BCCL

नई दिल्ली। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payment's Bank) को तत्काल प्रभाव से अपने प्लेटफॉर्म पर नए ग्राहकों को शामिल नहीं करने का निर्देश दिया है। साथ ही बैंक को एक आईटी ऑडिट फर्म नियुक्त करने का भी निर्देश दिया गया है।

इसलिए दिया यह निर्देश
भारत के केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार को कहा कि उसने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को यह निर्देश बैंक में देखी गई 'मेटिरियल सुपरवाइजरी' (Material supervisory) की चिंताओं का हवाला देते हुए दिया है।

पेटीएम पेमेंट्स बैंक को दिया यह निर्देश
भारतीय रिजर्व बैंक ने एक बयान में कहा कि बैंक को अपनी आईटी प्रणाली का व्यापक ऑडिट करने के लिए एक ऑडिट फर्म नियुक्त करने का भी निर्देश दिया गया है।

कब नए ग्राहकों को जोड़ पाएगा पेटीएम पेमेंट्स बैंक?
पेटीएम पेमेंट्स बैंक आईटी ऑडिटर की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आरबीआई से विशिष्ट अनुमति के अधीन नए ग्राहकों को जोड़ने में सक्षम होगा।

मालूम हो कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक को दिसंबर में शेड्यूल्ड पेमेंट्स बैंक के रूप में कार्य करने के लिए आरबीआई की मंजूरी मिली थी, जिससे उसे अपने वित्तीय सेवाओं के संचालन का विस्तार करने में मदद मिली। भारतीय रिजर्व बैंक ने आज बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 (Banking Regulation Act, 1949) की धारा 35ए के तहत, पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को तत्काल प्रभाव से नए ग्राहकों के ऑनबोर्डिंग को रोकने का निर्देश दिया।

गिरावट पर बंद हुआ पेटीएम का शेयर 
आज बीएसई पर पेटीएम का शेयर गिरावट पर बंद हुआ। One 97 Communications Ltd (PAYT) का शेयर 1.05 अंक (-0.14 फीसदी) गिरकर 774.80 पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 50,247.65 करोड़ रुपये है।

End of Article