Sensex : सेंसेक्स की टॉप 7 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 59260 करोड़ रुपए घटा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 20, 2020, 03:57 PM IST

हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक समेत सेंसेक्स की टॉप 7 कंपनियों की संपत्ति में गिरावट हाई है।

Sensex : सेंसेक्स की टॉप 7 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 59260 करोड़ रुपए घटा

नई दिल्ली : सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 59,259.58 करोड़ रुपये की गिरावट आई। हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक का बाजार मूल्यांकन सबसे अधिक घटा। इनके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, आईटीसी तथा आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण भी नीचे आया। इस रुख के उलट टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस और भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी दर्ज हुई।

बीते सप्ताह हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 14,320.54 करोड़ रुपये घटकर 4,93,007.39 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 11,611.6 करोड़ रुपये घटकर 5,81,900.65 करोड़ रुपये और कोटक महिंद्रा बैंक का 10,205.11 करोड़ रुपये घटकर 2,53,002.13 करोड़ रुपये रह गया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 9,027.32 करोड़ रुपये घटकर 15,58,987.77 करोड़ रुपये रह गई। एचडीएफसी का बाजार पूंजीकरण 8,144.93 करोड़ रुपये घटकर 3,09,076.75 करोड़ रुपये रह गया। आईटीसी का मूल्यांकन 5,783.23 करोड़ रुपये घटकर 2,20,500.76 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का 166.85 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 2,55,082.88 करोड़ रुपये रह गया।

वहीं दूसरी ओर टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 28,912.12 करोड़ रुपये बढ़कर 9,19,615.68 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टीसीएस सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद नौ लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण वाली दूसरी कंपनी बन गई। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 24,342.45 करोड़ रुपये बढ़कर 4,27,025.67 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 2,755.05 करोड़ रुपये बढ़कर 2,70,977.53 करोड़ रुपये रहा।

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, एचडीएफसी, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी का स्थान रहा। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 8.73 अंक या 0.02 प्रतिशत नीचे आया।

End of Article