GST Collection : सितंबर में जीएसटी संग्रह 95480 करोड़ रुपए, अप्रैल से अब तक 1 महीने में सबसे अधिक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 1, 2020, 07:11 PM IST

माल और सेवा कर (जीएसटी) का संग्रह सितंबर में 95480 करोड़ रुपए रहा, अप्रैल से अब तक एक महीने में सबसे अधिक है। 

GST Collection : सितंबर में जीएसटी संग्रह 95480 करोड़ रुपए, अप्रैल से अब तक 1 महीने में सबसे अधिक

नई दिल्ली : माल और सेवा कर (जीएसटी) का संग्रह सितंबर में 95,480 करोड़ रुपए रहा, जो चालू वित्त वर्ष में अब तक किसी एक महीने में किया गया सबसे अधिक जीएसटी संग्रह है। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सितंबर 2020 का जीएसटी संग्रह पिछले साल के इसी महीने के कुल जीएसटी संग्रह से चार प्रतिशत अधिक है। इस साल सितंबर में साल भर पहले की तुलना में माल के आयात पर एकत्र कर 102 प्रतिशत और घरेलू सौदों (सेवाओं के आयात सहित) से राजस्व संग्रह 105 प्रतिशत रहा।

बयान में कहा गया कि सितंबर 2020 में सकल जीएसटी राजस्व 95,480 करोड़ रुपए रहा। इसमें केंद्रीय जीएसटी 17,741 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी 23,131 करोड़ रुपए, एकीकृत जीएसटी 47,484 करोड़ रुपए (माल के आयात से प्राप्त 22,222 करोड़ रुपए समेत) और उपकर 7,124 करोड़ रुपए (माल के आयात पर एकत्र 788 करोड़ रुपए सहित) रहा।

इससे पहले चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल में जीएसटी से प्राप्त राजस्व 32,172 करोड़ रुपए, मई में 62,151 करोड़ रुपए, जून में 90,917 करोड़ रुपए, जुलाई में 87,422 करोड़ रुपए और अगस्त में 86,449 करोड़ रुपए रहा था।

End of Article