एप्पल के बाद मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्री दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ब्रांड, ये हैं टॉप 10

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2020, 01:57 PM IST

Futurebrand Index 2020 : एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति  मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज फ्यूचरब्रांड सूचकांक 2020 में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ब्रांड बन गया है।

एप्पल के बाद मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्री दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ब्रांड, ये हैं टॉप 10

नई दिल्ली : एशिया के सबसे अमीर आदमी और उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्री फ्यूचरब्रांड सूचकांक 2020 (Futurebrand Index 2020) में एप्पल (Apple) के बाद दुनिया का दूसरा सबसे ब्रांड है। इस सूची में एप्पल सबसे टॉप पर है। जबकि सैमसंग (Samsung) तीसरे स्थान, एनवीडिया (Nvidia) चौथे, मोताई (Motai) 5वें, नाइकी (Nike) 6ठे, माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) 7वें, एएसएमएल (ASML) 8वें, पेपाल (PayPal) 9वें और नेटफ्लिक्स (Netflix) 10वें स्थान पर है। 

रिलायंस इंडस्ट्रीज रिफाइनरी, खुदरा और दूरसंचार क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख कंपनी है। फ्यूचरब्रांड ने 2020 की सूची को जारी करते हुए कहा कि इस सबसे लंबी छलांग दूसरे स्थान के लिए लगाई है। रिलायंस इंडस्ट्री हर पैमाने पर खरी उतरी।

रिपोर्ट में रिलायंस के बारे में कहा गया है कि यह भारत की सबसे अधिक लाभ कमाने वाली कंपनियों में से एक हैं। कंपनी की ‘बहुत अधिक इज्जत’ है और ‘नैतिक रूप से काम करती है।’ इसी के साथ कंपनी ‘नवोन्मेषी उत्पाद’, ‘ग्राहकों को बेहतर अनुभव’ और ‘वृद्धि’ से जुड़ी है। लोगों का कंपनी के साथ एक ‘मजबूत भावनात्मक’ रिश्ता है।

फ्यूचरब्रांड एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बदलाव कंपनी है। यह पिछले छह साल से यह सूचकांक पेश कर रही है। उसने कहा कि रिलायंस की सफलता का श्रेय अंबानी को दिया जाना चाहिए। उन्होंने कंपनी को भारतीयों के लिए ’एक मेगास्टोर’ की तरह ‘वन स्टॉप’ दुकान के तौर पर नई पहचान दी है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आज कंपनी ऊर्जा, पेट्रोरसायन, कपड़ा, प्राकृतिक संसाधन, खुदरा और दूरसंचार क्षेत्र में काम करती है। गूगल और फेसबुक ने उसमें हिस्सेदारी खरीदी है। हमें उम्मीद है कि अगले सूचकांक में कंपनी शीर्ष पर होगी।

End of Article