Air India: यात्रियों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर पायलटों की छुट्टियां की गईं कैंसिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 1, 2021, 11:20 PM IST

Air India News: 28 फरवरी को 3,13,668 यात्रियों ने घरेलू उड़ानों से यात्रा की। 25 मई, 2020 को उड़ानें फिर शुरू होने के बाद यह सबसे ऊंचा स्तर है।

Air India: यात्रियों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर पायलटों की छुट्टियां की गईं कैंसिल

नयी दिल्ली: घरेलू उड़ानों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर सार्वजनिक क्षेत्र की एयरलाइन एयर इंडिया ने सोमवार को अपने पायलटों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं।  कोरोना वायरस महामारी की वजह से पिछले साल 25 मार्च से दो माह के लिए घरेलू उड़ान सेवाएं बंद थीं। 25 मई, 2020 को उड़ान सेवाएं फिर शुरू हुईं।

एयर इंडिया की आंतरिक सूचना के अनुसार कॉकपिट क्रू के सभी सदस्यों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती हैं।इसमें कहा गया है कि मामला-दर-मामला आधार पर बेहद जरूरी होने पर छुट्टी दी जा सकती है। हालांकि इसमें छुट्टियां रद्द करने के लिए कोई विशेष वजह नहीं बताई गई है। इस बारे में एयर इंडिया के प्रवक्ता को भेजे गए सवाल का जवाब नहीं मिला।

पिछले महीने नागर विमानन मंत्रालय ने कहा था कि भारतीय एयरलाइंस को जिन घरेलू उड़ानों की अनुमति दी गई है उनमें वे 31 मार्च या गर्मियों की समयसारिणी शुरू होने तक कोविड-19 पूर्व के स्तर के 80 प्रतिशत के बराबर ही बुकिंग कर सकेंगी।

छत्तीसगढ़ का बिलासपुर शहर जुड़ा विमान सेवा से

एयर इंडिया की सहायक कंपनी एलायंस एयर ने उड़ान योजना के तहत छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सोमवार को विमान सेवा की शुरूआत की है। विमान सेवा के शुरू होने से बिलासपुर शहर, जबलपुर और प्रयागराज होते हुए दिल्ली से जुड़़ गया है। समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने की।इस दौरान केंद्रीय विमानन मंत्री पुरी ने कहा कि उड़ान योजना के तहत अब तक 54 विमान तल का उन्नयन किया गया है तथा 311 मार्गों में हवाई सेवा शुरू की गई है। इस योजना के तहत 100 विमानतलों का उन्नयन करना है। वहीं क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत एक हजार मार्गों पर हवाई सेवा प्रदान करना है।
 

End of Article