आसमान छूती महंगाई के इस दौर में पैसे की किल्लत बहुत सारे लोग महसूस कर रहे हैं। बहुत सारे प्रोफेशनल्स द्वारा सैलरी आने और खत्म होने की बात सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं जो अच्छी कमाई के बावजूद पैसे नहीं बच रहे हैं तो आपको कमाई बढ़ाने से ज्यादा जरूरी, आदतों में सुधार लाने की है। हम आपको वो 5 तरीके बता रहे हैं, जिसको आप अपनी आदतों में शामिल कर आसानी से बचत शुरू कर सकते हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में—
1. बड़ी खरीदारी करने से पहले 24 घंटे इंतजार करें
अगर आप कोई ऐसी चीज खरीदना चाहते हैं जो बहुत जरूरी नहीं है, तो उसके बारे में सोचने के लिए खुद को एक-दो दिन का समय दें। थोड़ा रुककर सोचने से आपको यह तय करने में मदद मिल सकती है कि वह चीज सच में पैसे खर्च करने लायक है या सिर्फ आपकी एक इच्छा है।
2. अपने हर खर्च का हिसाब रखें
कॉफी, स्नैक्स या ऑनलाइन ऑर्डर जैसी छोटी-मोटी खरीदारी शुरू में महंगी नहीं लगतीं, लेकिन महीने के आखिर तक ये आपके अकाउंट को खाली कर सकती हैं। इन खर्चों पर लगातार नजर रखने से आप फालतू खर्चों की पहचान कर सकते हैं और ज्यादा पैसे बचा सकते हैं। हर महीने या कुछ महीनों में एक वीकेंड ऐसा चुनें जब आप पैसे खर्च न करें।
3. महीने का खर्च करने का एक लिमिट तय करें
महीने में खर्च करने के लिए एक लिमिट तय करें कि आप बाहर खाना खाने, शॉपिंग या मनोरंजन जैसी चीजों पर कितना खर्च करना चाहते हैं। उस लिमिट पर टिके रहने से आप ज्यादा खर्च करने से बच सकते हैं और आपका बजट भी कंट्रोल में रहेगा। एक बजट बनाने से आपको यह समझने में मदद मिलती है कि आपका पैसा कहां जा रहा है और आप सुरक्षित रूप से कितना खर्च कर सकते हैं। इसे रेगुलर चेक करें और अपने फाइनेंस को सही रास्ते पर रखने के लिए जरूरत पड़ने पर छोटे-मोटे बदलाव करें।
4. अपनी बचत को ऑटोमेट करें
हर महीने अपने सैलरी अकाउंट से सेविंग्स अकाउंट में ऑटोमैटिक ट्रांसफर सेट करें। अपनी कमाई का थोड़ा-सा हिस्सा भी रेगुलर बचाने से आपको एक अच्छा सेविंग्स फंड बनाने में मदद मिल सकती है।
5. क्रेडिट कार्ड का सोच-समझकर इस्तेमाल करें
क्रेडिट कार्ड सुविधा देता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल कर्ज का कारण बन सकता है। इसलिए क्रेडिट कार्ड से केवल उतना ही खर्च करें जितना समय पर चुका सकें। हर महीने पूरा बिल भरने की कोशिश करें। इतना ही नहीं, बचत के साथ निवेश भी करें। सिर्फ बैंक खाते में पैसा रखने से महंगाई के कारण उसकी वास्तविक कीमत समय के साथ कम हो सकती है। इसलिए SIP, PPF, EPF, FD या अन्य निवेश विकल्पों में निवेश करें।
