Ambani-Adani Networth Loss: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ बम ने भारत के सबसे बड़े उद्योगपतियों को भी नहीं बख्शा। ट्रंप के टैरिफ ऐलान और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दोहरे दबाव में भारतीय शेयर बाजार धड़ाम हो गया, जिसका सीधा असर देश के टॉप अमीरों की संपत्ति पर पड़ा। मुकेश अंबानी और गौतम अडानी जैसे दिग्गजों को इस गिरावट की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। अरबों डॉलर की नेटवर्थ सिर्फ कुछ ही हफ्तों में घट गई, जिससे अंबानी टॉप-15 अमीरों की ग्लोबल लिस्ट से बाहर हो गए, वहीं अडानी की संपत्ति में भी तगड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ ऐलान और विदेशी निवेशकों (FPI) की भारी बिकवाली ने भारतीय अमीरों की दौलत पर तगड़ा असर डाला है। इस साल अब तक भारत के शीर्ष उद्योगपतियों की कुल संपत्ति में अरबों की गिरावट दर्ज की गई है। ट्रंप ने हाल ही में भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है, जिसके चलते ग्लोबल और भारतीय शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई।
अंबानी अडानी को सबसे ज्यादा नुकसान
इस गिरावट का सीधा असर मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, शिव नडार, सावित्री जिंदल, दिलीप सांघवी और अजीम प्रेमजी जैसे उद्योगपतियों की नेटवर्थ पर पड़ा है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर रियल टाइम इंडेक्स के मुताबिक, नेटवर्थ में इस भारी गिरावट की वजह से मुकेश अंबानी अब दुनिया के टॉप-15 अमीरों की लिस्ट से बाहर हो चुके हैं। उनकी कुल संपत्ति घटकर 101 अरब डॉलर रह गई है और वे 17वें स्थान पर आ गए हैं। बीते 24 घंटे में जब से ट्रंप ने टैरिफ का ऐलान किया है तब से अंबानी को 1.20 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
वहीं, गौतम अडानी की संपत्ति में भी बीते 24 घंटे में 1 अरब डॉलर की गिरावट आई है और उनकी मौजूदा नेटवर्थ अब घटकर 80.7 अरब डॉलर हो गई है। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में अडानी 20वें नंबर पर आ गए हैं।
