बिजनेस

$75 अरब का SpaceX IPO खतरे की घंटी! दिग्गज फंड मैनेजर ने क्यों दी बाजार में बड़ी गिरावट की चेतावनी?

आम निवेशक के लिए SpaceX IPO की मेगा कामयाबी और US Markets के ऑल टाइम हाई पर मंडराना एक पॉजिटिव संकेत हो सकता है। लेकिन, एक्सपर्ट ऐसा नहीं सोचते, बल्कि जो कह रहे हैं, वह डराने वाला है।

Image

बड़े आईपीओ से बड़ा खतरा

अमेरिका सहित दुनिया के ज्यादातर बड़े बाजार रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर कारोबार कर रहे हैं। इसी बीच दुनिया की प्रमुख वेल्थ मैनेजमेंट फर्मों में शामिल Julius Baer के ग्रुप CIO Yves Bonzon ने निवेशकों को सावधान रहने की सलाह दी है। उनका मानना है कि SpaceX, OpenAI और Anthropic जैसे मेगा IPO की सफलता मौजूदा बुल मार्केट के अंतिम चरण का संकेत हो सकती है और इसके बाद बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। Yves Bonzon दुनिया के सबसे प्रभावशाली निवेश पेशेवरों में गिने जाते हैं। वे करीब टीम करीब 625 अरब डॉलर की संपत्तियों को संभालते हैं।

Bonzon का कहना है कि निवेशकों को मौजूदा उत्साह में आंख बंद कर निवेश करने से बचना चाहिए। जब बाजार रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर हो, IPO में भारी ओवरसब्सक्रिप्शन दिखे और कंपनियों को ट्रिलियन डॉलर वैल्यूएशन मिलने लगे, तब जोखिम और अवसर दोनों साथ-साथ बढ़ जाते हैं।

SpaceX IPO के बाद क्यों बढ़ी चिंता?

TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक Bonzon ने कहा कि SpaceX ने IPO के जरिये 75 अरब डॉलर जुटाए हैं। इसके बाद OpenAI और Anthropic के भी बड़े IPO आने की उम्मीद है। इन दोनों कंपनियों का संभावित वैल्यूएशन 1 ट्रिलियन डॉलर से 2 ट्रिलियन डॉलर के बीच आंका जा रहा है। उनके मुताबिक जब इतनी बड़ी रकम कुछ चुनिंदा कंपनियों के IPO में लगने लगे, तो यह अक्सर बाजार में अत्यधिक उत्साह का संकेत होता है। इतिहास बताता है कि ऐसे दौर के बाद बाजार में तेज गिरावट भी आ सकती है।

इतिहास से क्या मिलता है संकेत?

Bonzon के मुताबिक Goldman Sachs का IPO 2000 के डॉट-कॉम बबल फूटने से ठीक पहले आया था। वहीं, Blackstone का IPO 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट से कुछ समय पहले हुआ था। उन्होंने कहा कि यदि SpaceX, OpenAI और Anthropic अपने IPO सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं तो यह वैश्विक बाजार के एक बड़े शिखर के आसपास का समय हो सकता है। वहीं, भारत में सितंबर 2024 में जब बाजार शीर्ष पर था, उस सयम भारतीय बाजार में LG, Hyundai, Jio Finance जैसे बड़े IPO आए और इसके बाद बाजार एक लंबे करेक्शन फेज में है।

रिकॉर्ड स्तर पर अमेरिकी बाजार

इस समय Dow Jones, Nasdaq Composite और S&P 500 जैसे प्रमुख अमेरिकी सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। SpaceX का बाजार पूंजीकरण पहले ही लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। Bonzon का मानना है कि बाजार में इस समय जरूरत से ज्यादा पैसा मौजूद है और यही वजह है कि निवेशक ऊंचे वैल्यूएशन पर भी निवेश करने को तैयार हैं।

भारत को लेकर क्या है राय?

Bonzon ने कहा कि Julius Baer ने जुलाई 2025 में भारतीय शेयरों में दोबारा निवेश शुरू किया था। शुरुआत में यह रणनीति सफल रही, लेकिन पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने और तेल कीमतों में उछाल से जोखिम बढ़ गया। हालांकि उनका मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमत फिर से 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर हो जाती है, तो भारत और चीन वैश्विक निवेशकों की नजर में सबसे बड़े "री-रेटिंग" उम्मीदवार बन सकते हैं।

भारत में निवेश बनाए रखेगी Julius Baer

Bonzon ने साफ कहा कि भारत Julius Baer के लिए अहम बाजार है। उन्होंने कहा कि एशिया कंपनी का दूसरा घरेलू बाजार है और भारत उसकी दीर्घकालिक विकास रणनीति का अहम हिस्सा है। कंपनी को भारत में अपनी स्थानीय मौजूदगी और मजबूत ब्रांड पहचान का भी लाभ मिलता है, खासकर हाई नेटवर्थ और अल्ट्रा हाई नेटवर्थ ग्राहकों के बीच।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article