सरकार ने लोगों के उन पैसों को वापस दिलाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है, जो सालों से बैंकों में बिना किसी दावे के पड़े हुए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान की शुरुआत की है, ताकि लोगों को उनका ही पैसा लौटाया जा सके। इसी अभियान के तहत 21 नवंबर 2025 को नोएडा के सूरजपुर स्थित विकास भवन में एक खास कैंप लगाया जा रहा है। यह कैंप दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चलेगा। सिर्फ नोएडा जिले में ही अलग-अलग बैंकों के 4.80 लाख खातों में करीब 190 करोड़ रुपये बिना दावे के पड़े हैं। इन्हीं पैसों को उनके सही मालिकों तक पहुंचाने के लिए RBI यह विशेष अभियान चला रहा है।
कौन कर सकता है क्लेम?
जिले के लीड बैंक मैनेजर राजेश कठेरिया के मुताबिक, इस कैंप में वे सभी लोग आ सकते हैं, जिनके पुराने खाते बंद पड़े हैं या जिन्हें शक है कि उनके नाम से कहीं कुछ पैसा जमा हो सकता है। बस उन्हें अपने जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। कैंप में अधिकारियों द्वारा सभी जानकारी जांची जाएगी और सही पाया जाने पर रकम का दावा करने में तुरंत मदद मिलेगी। इस पूरे कैंप की अध्यक्षता डीएम मेधा रूपम कर रही हैं।
RBI ने ऐसे निष्क्रिय खातों की जानकारी अपने UDGAM पोर्टल पर भी उपलब्ध करा दी है। अगर कोई कैंप तक नहीं जा सकता, तो वह घर बैठे भी पता कर सकता है कि उसके नाम से कहीं कोई पैसा पड़ा तो नहीं। यह अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा और आने वाले दिनों में कई शहरों में ऐसे और कैंप लगाए जाएंगे।
ऑनलाइन कैसे चेक?
UDGAM पोर्टल के जरिए पैसे खोजने की प्रक्रिया बेहद आसान है। सबसे पहले udgam.rbi.org.in पर जाएं, फिर अपने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें। ओटीपी डालकर लॉगिन करने के बाद अपना नाम और पहचान पत्र (जैसे आधार, पैन, वोटर आईडी आदि) की जानकारी भरें। अब आप चाहें तो किसी एक बैंक को चुन सकते हैं या सभी बैंकों में खोज कर सकते हैं। अगर खोज में आपका कोई पुराना या अनक्लेम्ड खाता मिलता है, तो इसका मतलब है कि उस खाते में आपका पैसा अभी भी पड़ा है।
मैच मिलने के बाद आपको संबंधित बैंक से संपर्क करना होगा। इसके लिए बैंक शाखा में जाकर अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज जैसे आईडी प्रूफ, एड्रेस प्रूफ और खाते के स्वामित्व के सबूत दिखाने होंगे। अगर पैसा किसी मृतक परिवार सदस्य का है, तो मृत्यु प्रमाण पत्र और कानूनी दस्तावेज भी जरूरी होंगे। बैंक आपके दस्तावेज़ों की जांच करने के बाद आपका पैसा आपके खाते में वापस ट्रांसफर कर देगा।
आपके शहर में लगे तो क्या करें?
अगर आपके शहर में भी ऐसा कैंप लगे, तो वहां सीधे जाकर भी आप राशि का दावा कर सकते हैं। अधिकारी आपको पूरा प्रोसेस समझा देंगे और आपका पैसा वापस दिलाने में मदद करेंगे। यह अभियान उन लाखों लोगों के लिए राहत लेकर आया है जो अपनी मेहनत की कमाई के बारे में जानकारी के अभाव में लाभ नहीं ले पा रहे थे। अब सरकार और RBI की इस पहल से आपका पैसा फिर से आपके हाथों में पहुंच सकेगा।
