Bhopal Road Rage: वाहन टकराने पर वकील को चाकू मार घायल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, इसलिए हुआ था विवाद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 26, 2022, 08:34 PM IST

Bhopal Road Rage: भोपाल में रोड रेज के एक मामले में वकील पर हमला करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि, दोनों आरोपियों पर पहले से ही कई आपराधिक केस चल रहे हैं। पूछताछ में पता चला कि, वकील पर चाकू से हमला करने वाला साजिद को चाकूबाज कहा जाता है।

Bhopal Road Rage: वाहन टकराने पर वकील को चाकू मार घायल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, इसलिए हुआ था विवाद
Photo Credit: BCCL

Bhopal Road Rage:  भोपाल में रोड रेज के एक मामले में वकील पर जनलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले दोनों आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शहर के तलैया थाना क्षेत्र की है, जहां पर एक वकील दीपेश शर्मा पर दो आरोपियों ने रॉन्‍ग साइड को लेकर वकील पर चाकू से जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था। इस घटना को अंजाम देने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने इन दोनों को शहर के अंदर से ही गिरफ्तार किया। आरोपियों के गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही थाने और कोर्ट में वकीलों का मजमा लग गया। आनन-फानन में पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, यह विवाद रॉन्ग साइड पर वाहन टकराने के कारण हुआ था। जिसके बाद आरोपियों ने वकील दीपेश शर्मा पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। पिछले शुक्रवार को हुए इस घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। वहीं इस हमले के विरोध में शहर के सभी वकीलों ने सड़क जामकर अपना विरोध दर्ज कराया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए, दोनों आरोपियों की पहचान साजिद और असीम नाम के तौर पर की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को वकीलों के प्रकोप से बचाने के लिए पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश कर सीधे जेल भेज दिया।

चाकू चलाने का एक्सपर्ट है आरोपी साजिद

पुलिस ने बताया कि, तलैया थाना क्षेत्र की एक सड़क पर हमले का शिकार हुए वकील की एक्टिवा सवार इन दोनों बदमाशों से रॉन्ग साइड से वाहन निकालने को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के दौरान ही आरोपी साजिद ने वकील पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में वकील को गंभीर चोट आई। इस वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश हवा में चाकू लहराते हुए फरार हो गए थे। पुलिस ने बताया कि, दोनों आरोपियों से पूछताछ में कई बातों का खुलासा हुआ है। पूछताछ में पता चला है कि, इन दोनों पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। आरोपी साजिद चाकू मारने में एक्सपर्ट है और वह राह चलते चाकू मार देता है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!