ऑटो न्यूज़

आखिर March में ही क्यों सस्ती होती हैं कारें? जानें इस महीने मिलने वाले 'बंपर डिस्काउंट' का असली राज

Best Month to Buy a Car: अगले महीने मार्च में कई लोग नई कार खरीदने की योजना बना रहे होंगे। अगर आप भी एक नई कार खरीदने की तैयारी में हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। आपको भी जानना चाहिए कि कार खरीदारी का सही समय मार्च ही क्यों होता है।

Image

कब मिलता है कार पर सबसे ज्यादा डिस्काउंट (Photo: AI Generated)

Best Month to Buy a Car: हर साल मार्च आते ही कार शोरूम्स में बंपर ऑफर और मेगा डिस्काउंट की भरमार दिखाई देने लगती है। क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि साल के कुछ खास महीनों में ही कारों पर सबसे ज्यादा छूट पेश की जाती है। अगर हां, तो मन में यह सवाल भी आया होगा कि आखिर इन महीनों में ही कारों पर सबसे ज्यादा छूट क्यों मिलती है? इस आर्टिकल में आपके इसी सवाल का जवाब देने जा रहे हैं-

साल का आखिरी महीना और सेल्स टारगेट

मार्च वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना होता है। इस समय कार कंपनियां और डीलर अपने सालाना बिक्री लक्ष्य (Sales Target) पूरे करने की कोशिश में रहते हैं। अगर टारगेट पूरा नहीं होता तो उन्हें कंपनी की ओर से मिलने वाले इंसेंटिव और बोनस पर असर पड़ सकता है। इसलिए डीलर ज्यादा से ज्यादा गाड़ियां बेचने के लिए भारी छूट देने लगते हैं। कई प्रमुख ऑटो कंपनियां अक्सर मार्च में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और कॉरपोरेट ऑफर जैसी स्कीमें चलाती हैं।

पुराने स्टॉक को क्लियर करने की रणनीति

कई बार शोरूम में पिछले साल के मॉडल (जैसे 2024 मॉडल) बचे रहते हैं। अप्रैल में नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही नए मॉडल वर्ष (Model Year) की गाड़ियां आ जाती हैं। इसलिए डीलर पुराने स्टॉक को खत्म करने के लिए अतिरिक्त छूट देते हैं।

1 अप्रैल से संभावित कीमत बढ़ोतरी

अक्सर कंपनियां 1 अप्रैल से गाड़ियों की कीमत बढ़ाने की घोषणा करती हैं। इसका कारण कच्चे माल की लागत, टैक्स या अन्य खर्चों में बदलाव हो सकता है। ऐसे में अधिकतर ग्राहक मार्च में ही खरीदारी करना पसंद करते हैं ताकि बढ़ी हुई कीमत से बच सकें।

लोन और फाइनेंस ऑफर

मार्च में कई बैंक और फाइनेंस कंपनियां भी आकर्षक ब्याज दर पर कार लोन ऑफर करती हैं। इससे ग्राहकों को डाउन पेमेंट कम करने और आसान EMI का विकल्प मिलता है।

क्या मार्च में कार खरीदना सही है?

अब सवाल आता है कि क्या कार खरीदारी के लिए मार्च ही सबसे सही महीना माना जाना चाहिए। इस सवाल का जवाब कुछ ऐसे समझ सकते हैं कि अगर आपको अच्छा डिस्काउंट मिल रहा है और बजट संतुलित है तो मार्च खरीदारी के लिए फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, सिर्फ ऑफर देखकर नहीं, बल्कि अपनी जरूरत और वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखकर ही निर्णय लें। आप साल के अंत यानी दिसबंर में भी नई कार घर ला सकते हैं। साल के आखिरी महीने में भी कार पर अच्छा डिस्काउंट मिलता है। हालांकि, नए मॉडल और फाइनेंस ऑप्शन को देखते हुए नई कार घर लाने के लिए मार्च एक सही महीना साबित हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article