ऑटो न्यूज़

अगस्त में EV की खुदरा बिक्री 53% बढ़कर 2.98 लाख यूनिट पर पहुंची

इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच अगस्त महीने के लिए ईवी की खुदरा बिक्री के आंकड़े जारी हो गए हैं। FADA के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में कुल 2,98,448 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई।

Image

अगस्त में बढ़ी इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री (Photo: iStock)

देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मांग तेजी से बढ़ रही है। अगस्त 2026 में इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 52.9 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में कुल 2,98,448 इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री हुई।

कुल ऑटो बिक्री में भी बढ़ी हिस्सेदारी

न्यूज एजेंसी भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री बढ़ने के साथ कुल ऑटो बिक्री में इनकी हिस्सेदारी भी बढ़ी है। अगस्त 2025 में कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 9.5 प्रतिशत थी, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 12.3 प्रतिशत हो गई। खास बात यह है कि अगस्त में इलेक्ट्रिक वाहनों की सभी चार प्रमुख कैटेगरी में सालाना आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की सबसे ज्यादा मांग

अगस्त में EV बिक्री की सबसे बड़ी हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की रही। इनकी खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 67.05 प्रतिशत बढ़कर 1,83,204 यूनिट हो गई। अगस्त 2025 में 1,09,673 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बिके थे।

FADA के मुताबिक, त्योहारी सीजन नहीं होने के बावजूद इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 10 फीसदी से ज्यादा बनी रही। कुल EV खुदरा बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 60 फीसदी से अधिक रही।

इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री भी बढ़ी

इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स यानी इलेक्ट्रिक कारों की खुदरा बिक्री भी अगस्त 2026 में बढ़ी। इस दौरान 30,696 इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री हुई, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 20,210 यूनिट था। कुल पैसेंजर व्हीकल बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर 7.6 फीसदी हो गई।

तिपहिया और कमर्शियल EV की भी मजबूत बिक्री

इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री अगस्त में 25.28 फीसदी बढ़कर 79,846 यूनिट पहुंच गई। एक साल पहले यह आंकड़ा 63,736 यूनिट था। FADA के अनुसार, तिपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 65.3 फीसदी तक पहुंच गई है।

वहीं, इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बिक्री में सबसे तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। अगस्त में इनकी बिक्री करीब तीन गुना बढ़कर 4,702 यूनिट हो गई, जबकि अगस्त 2025 में 1,631 यूनिट की बिक्री हुई थी।

FADA अध्यक्ष साई गिरिधर के अनुसार, अगस्त 2026 भारत में इलेक्ट्रिक परिवहन के लिए अब तक का सबसे बेहतर अगस्त रहा। आंकड़े बताते हैं कि EV का इस्तेमाल अब केवल निजी वाहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि तिपहिया और कमर्शियल सेगमेंट में भी इनकी पकड़ मजबूत हो रही है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article