ऑटो न्यूज़

धूप और तपती सड़क का डबल अटैक! गर्मियों में क्यों फटता है कार का टायर

Why Car Tyres Burst in Summer: तेज धूप और सड़क के बढ़ते तापमान का सीधा असर गाड़ी के टायरों पर ही पड़ता है। ऐसे में गर्मियों में गाड़ी का टायर फटने का खतरा बढ़ जाता है।

Image

Car Tyres (Photo: iStock)

Why Car Tyres Burst in Summer: गर्मियों के दिनों में गाड़ी का टायर फटना हर वाहन चालक की बड़ी परेशानियों में से एक है। यह कई स्थितियों में बेहद खतरनाक भी साबित हो सकता है। तेज धूप और सड़क के बढ़ते तापमान का असर सीधे गाड़ी के टायरों पर ही पड़ता है। गर्मियों में थोड़ी सी लापरवाही भी टायर ब्लास्ट का कारण बन सकती है, इसलिए समय रहते कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी माना जाता है।

क्यों फटता है गाड़ी का टायर

दरअसल, गर्मियों में सड़क का तापमान काफी ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में टायर के अंदर की हवा फैलने लगती है और प्रेशर बढ़ सकता है। अगर टायर पहले से कमजोर हो या उसमें हवा जरूरत से ज्यादा भरी हो, तो उसके फटने का खतरा काफी बढ़ जाता है। लंबे समय तक लगातार हाई स्पीड पर ड्राइविंग भी टायर पर अतिरिक्त दबाव डालती है।

इसके अलावा ओवरलोडिंग भी टायर फटने का एक बड़ा कारण बन सकती है। कार में जरूरत से ज्यादा सामान या यात्रियों का वजन होने पर टायर पर दबाव बढ़ता है। गर्मियों में यह दबाव और भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।

गलत टायर प्रेशर खड़ी कर सकता है मुसीबत

इसके अलावा, कई लोग टायर में जरूरत से ज्यादा हवा भरवा लेते हैं, जबकि कुछ लोग कम हवा में गाड़ी चलाते रहते हैं। दोनों ही स्थिति खतरनाक मानी जाती हैं। ज्यादा हवा होने पर गर्मी में प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है, वहीं कम हवा होने पर टायर ज्यादा गर्म होने लगता है। इसलिए कंपनी द्वारा बताए गए सही PSI लेवल पर ही हवा भरवानी चाहिए।

तुरंत बदलवा लेने चाहिए ऐसे टायर

पुराने और घिसे हुए टायर भी गर्मियों में जोखिम बढ़ा देते हैं। अगर टायर का ट्रेड बहुत कम हो गया है या उसमें कट और क्रैक दिखाई दे रहे हैं, तो उसे तुरंत बदलवाना बेहतर माना जाता है। कई लोग टायर की लाइफ पूरी होने के बाद भी उसे इस्तेमाल करते रहते हैं, जिससे इसके फटने की संभावना बढ़ जाती है।

टायर को लेकर कौन-सी बातों का रखें ध्यान

  • गर्मियों में लंबी दूरी तय करते समय बीच-बीच में ब्रेक लेना चाहिए। लगातार कई घंटों तक ड्राइविंग करने से टायर अत्यधिक गर्म हो सकते हैं। कुछ देर रुकने से टायर का तापमान सामान्य होने में मदद मिलती है।
  • टायरों की नियमित जांच भी बेहद जरूरी मानी जाती है। हर कुछ दिनों में टायर प्रेशर, ट्रेड और किसी तरह के डैमेज की जांच करनी चाहिए। साथ ही व्हील अलाइनमेंट और बैलेंसिंग सही होना भी जरूरी है। खराब अलाइनमेंट के कारण टायर असमान तरीके से घिस सकते हैं और गर्मी में जल्दी खराब हो सकते हैं।
  • सुरक्षा के लिहाज से अच्छी क्वालिटी के टायर इस्तेमाल करना काफी महत्वपूर्ण होता है। सस्ते या बहुत पुराने टायर गर्मियों में जल्दी खराब हो सकते हैं। इसलिए समय-समय पर टायर बदलना और भरोसेमंद ब्रांड के टायर इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प माना जाता है।
Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article