ऑटो न्यूज़

MG की नई Hybrid और Electric SUV जल्द देंगी दस्तक! मिलेगी 1,100KM तक की दमदार रेंज

JSW MG Motor India भारत में नई हाइब्रिड (PHEV) और इलेक्ट्रिक (EV) SUV लॉन्च करने जा रही है। माना जा रहा है कि यह SUV अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध Wuling Starlight 560 पर आधारित होगी।

Image

MG की नई Hybrid और Electric SUV जल्द देंगी दस्तक (प्रतिकात्मक इमेज)

JSW MG Motor India भारतीय बाजार में अपनी नई हाइब्रिड (PHEV) और इलेक्ट्रिक (EV) SUV लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 16 जुलाई को अपनी नई एनर्जी व्हीकल (New Energy Vehicle) से पर्दा उठा सकती है। माना जा रहा है कि यह SUV अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध Wuling Starlight 560 पर आधारित होगी और इसे प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) तथा पूरी तरह इलेक्ट्रिक (EV) दोनों पावरट्रेन विकल्पों में पेश किया जा सकता है।

1,100 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज

नई MG प्लग-इन हाइब्रिड SUV की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी ड्राइविंग रेंज हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, यह SUV केवल इलेक्ट्रिक मोड में 100 किलोमीटर तक चल सकेगी, जबकि पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर के संयुक्त इस्तेमाल से इसकी कुल ड्राइविंग रेंज 1,100 किलोमीटर तक हो सकती है।

दमदार हाइब्रिड पावरट्रेन

नई PHEV SUV में 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ एक पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर दी जा सकती है। यह सेटअप लगभग 197 bhp की पावर और 230 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम के साथ 20.5 kWh की बैटरी मिलने की संभावना है, जिसे चार्ज करने के बाद SUV कुछ दूरी तक केवल बिजली से भी चल सकेगी।

इलेक्ट्रिक वर्जन में भी मिलेगी लंबी रेंज

MG इस SUV का पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन भी ला सकती है। इसमें 56.7 kWh बैटरी पैक और 136 bhp का परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर मिलने की उम्मीद है। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल एक बार फुल चार्ज होने पर 500 किलोमीटर तक की रेंज देगा। इसके अलावा, DC फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को लगभग 20 मिनट में काफी हद तक चार्ज किया जा सकेगा।

फैमिली ग्राहकों को करेगा टारगेट

रिपोर्ट्स के अनुसार, नई MG SUV को तीन-पंक्ति (7-सीटर) लेआउट के साथ पेश किया जा सकता है। इसका आकार मौजूदा कई मिड-साइज SUVs से बड़ा होगा, जिससे यह बड़े परिवारों के लिए बेहतर विकल्प बन सकती है। आधुनिक डिजाइन, प्रीमियम केबिन और एडवांस फीचर्स के साथ इसे फैमिली SUV सेगमेंट में उतारा जाएगा।

किन कारों से होगा मुकाबला?

लॉन्च के बाद MG की यह नई SUV भारतीय बाजार में आने वाली अन्य हाइब्रिड और इलेक्ट्रिफाइड SUVs को कड़ी टक्कर दे सकती है। लंबी ड्राइविंग रेंज, आधुनिक तकनीक और संभावित प्रतिस्पर्धी कीमत इसे अपने सेगमेंट में मजबूत दावेदार बना सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक कीमत और फीचर लिस्ट का खुलासा नहीं किया है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article