ऑटो न्यूज़

सिग्नल तोड़ना पड़ेगा महंगा, अब नए नियम से एक गलती से छिन सकता है लाइसेंस! जानें सरकार का नया प्लान

सरकार ने सड़क सुरक्षा को सख्त बनाने के लिए नया निगेटिव पॉइंट सिस्टम लाने की तैयारी की है। अब बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड या रद्द हो सकता है, और AI की मदद से चालान भी तुरंत कटेगा। नियम पालन करने वाले ड्राइवरों को मेरिट पॉइंट्स देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

Image

लाइसेंस रिन्यू पर अब देना होगा ड्राइविंग टेस्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस पर जुड़ेंगे निगेटिव पॉइंट्स
  • AI तकनीक से होगी ट्रैफिक निगरानी, चालान कटेगा तुरंत
  • पुराने चालान बाकी होने पर बढ़ सकता है वाहन बीमा प्रीमियम

सड़क परिवहन मंत्रालय जल्द ही एक नया निगरानी सिस्टम लागू करने जा रहा है, जिसमें ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए निगेटिव पॉइंट सिस्टम की शुरुआत की जाएगी। यह नियम बार-बार सिग्नल तोड़ने, तेज गति से वाहन चलाने या खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने वालों पर लागू होगा। निर्धारित सीमा से अधिक पॉइंट होने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किया जा सकता है।

क्या है निगेटिव पॉइंट सिस्टम?

इस प्रस्तावित सिस्टम में हर बार ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइवर के लाइसेंस पर कुछ अंक कटेंगे। वहीं नियमों का पालन करने वाले, सहयोगी ड्राइवरों को मेरिट पॉइंट्स से सम्मानित किया जाएगा। यह मॉडल ऑस्ट्रेलिया, यूके, जर्मनी और कनाडा जैसे देशों से प्रेरित है, जहां इस प्रणाली के अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं।

क्यों जरूरी हुआ यह बदलाव?

भारत में सड़क हादसों में हर साल 1.7 लाख से अधिक लोगों की जान जाती है। 2019 में बढ़े हुए जुर्मानों के बावजूद दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट नहीं देखी गई। सरकार का मानना है कि निगरानी में तकनीकी हस्तक्षेप और कठोर दंड से हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

पहले भी हो चुकी है सिफारिश

2011 में एक सरकारी रिपोर्ट में भी इसी तरह की प्रणाली लागू करने की सिफारिश की गई थी। उस रिपोर्ट के मुताबिक, अगर किसी ड्राइवर के खाते में तीन साल में 12 निगेटिव पॉइंट्स जुड़ते हैं, तो एक साल के लिए उसका लाइसेंस सस्पेंड कर देना चाहिए। दोहराव की स्थिति में लाइसेंस पांच साल तक रद्द किया जा सकता है।

लाइसेंस रिन्यू पर अब देना होगा ड्राइविंग टेस्ट

यदि किसी चालक ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया है और वह लाइसेंस रिन्यू कराने आता है, तो उसे फिर से टेस्ट देना होगा। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अलग लर्निंग लाइसेंस का प्रावधान भी होगा।

चालान न भरने पर लाइसेंस निलंबन

अगर कोई व्यक्ति तीन महीने से ज्यादा पुराना ई-चालान नहीं भरता है, तो उसका लाइसेंस तीन महीने के लिए सस्पेंड किया जा सकता है। रेड लाइट जम्प करने या खतरनाक ड्राइविंग जैसे मामलों में भी यही कार्रवाई होगी।

इंश्योरेंस प्रीमियम पर भी असर

पिछले एक साल में जिन लोगों ने चालान नहीं चुकाए हैं, उनका बीमा प्रीमियम बढ़ सकता है। इसके लिए सरकार एक उन्नत डेटा सिस्टम विकसित कर रही है, जिससे चालान की जानकारी बीमा कंपनियों तक तुरंत पहुंच सके।

AI तकनीक से होगा नियमों की निगरानी

दिल्ली पुलिस को अब एक नई AI-आधारित रडार प्रणाली मिली है, जो स्पीड, सीट बेल्ट, और मोबाइल फोन के इस्तेमाल जैसे नियमों का उल्लंघन पकड़ने में सक्षम है। इस सिस्टम में नंबर प्लेट पहचानने वाला कैमरा भी है, जो चालान को तुरंत जारी करता है।

Ashish Kushwaha
आशीष कुशवाहाauthor

<p>आशीष कुमार कुशवाहा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। वह 2023 से Timesnowhindi.com के साथ जुड़े हैं। वह यहां शेयर बाजार, स्टॉक्स, IPO, पर्सनल फाइनेंस, बिजनेस न्यूज, कंपनी डेवलपमेंट, सक्सेस स्टोरी, यूटिलिटी, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी और गैजेट से जुड़ी स्टोरी पर काम करते हैं। उनके पास पिछले 3 साल के भारतीय बजट को भी कवर करने का एक्सपीरियंस है। उनके पास ऑटो एक्सपो 2023 को कवर करने का अनुभव है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं। उनके पास डिजिटल मीडिया में कुल 3 साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है। इससे पहले इन्होंने वन इंडिया, दैनिक भास्कर डिजिटल में काम किया है। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। वहीं ग्रेजुएशन की पढ़ाई रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से मास कम्यूनिकेशन में की है। उन्हें शुरू से ही डिबेट करने, सामाजिक मुद्दों पर बात करने और शेयर बाजार में रुचि थी। उन्हें बचपन से ही अखबार के संपादकीय पेज और न्यूज पढ़ने का सौख था। स्कूल के समय उन्होंने कई क्विज कंपटीशन में भी हिस्सा लिया और प्राइज जीते हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article