Toyota Innova Hycross New Variant: टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस का नया वेरिएंट बहुत जल्द भारत में लॉन्च किया जाने वाला है। कंपनी इस पॉपुलर कार का नया पेट्रोल टॉप मॉडल लॉन्च करने वाली है। हालांकि टोयोटा किर्लोसकर मोटर ने अब तक इनोवा हाइक्रॉस के नए वेरिएंट की कीमत का ऐलान नहीं किया है। अनुमान है कि अप्रैल 2024 के पहले सप्ताह तक नया GX (O) वेरिएंट लॉन्च किया जाएगा जो जीएक्स ट्रिम से महंगा होने वाला है। नए फीचर्स की बात करें तो नई इनोवा हाइक्रॉस को 10.1-इंच का इंफोटेनमेंट, वायरलेस ऐप्पल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, फ्रंट पार्किंग सेंसर्स, 360 डिग्री सराउंड कैमरा, रियर सनशेड, रियर डिफॉगर, डुअल-टोन इंटीरियर और एलईडी लैंप्य मिलेंगे।
कीमत बढ़ी और वेटिंग घटी
टोयोटा ने कुछ समय पहले नई इनोवा हाइक्रॉस की कीमत 75 हजार रुपये तक बढ़ाई है, बावजूद इसके ग्राहकों की लाइन लगी हुई है। अच्छी खबर ये है कि इस एमपीवी के वेटिंग पीरियड में कुछ कमी आई है। कंपनी ने इनोवा हाइक्रॉस का नया वीएक्स ऑप्शनल वेरिएंट भी मार्केट में उतारा है, इसकी जगह वीएक्स और जैडएक्स वेरिएंट के बीच की होगी। स्टाइल और डिजाइन के मामले में ये जोरदार गाड़ी है जिसके अगले हिस्से में चौड़ी ग्रिल और इसके दोनों ओर एलईडी हेडलैंप्स और डीआरएल दिए गए हैं। अगले-पिछले हिस्से में दमदार बंपर्स दिए गए हैं जो चौड़े इंटेक्स के साथ आए हैं।
फीचर्स के मामले में जोरदार
नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस के साथ हाइटेक केबिन दिया गया है जो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से लैस है, ये एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी वाला है। इंटीरियर बहुत खूबसूरत है और यहां पावर्ड टेलगेट, मूड लाइटिंग, कैप्टन सीट्स वाला 6-सीटर वेरिएंट, पैनोरमिक सनरूफ, छत पर लगे एसी वेंट्स और कलर्ड एमआईडी के साथ आया नया इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी दिया गया है। सबसे बड़े फीचर्स में एडीएएस शामिल है। एमपीवी के साथ 6 एयरबैग्स दिए गए हैं और भारत में टोयोटा की ये पहली गाड़ी है जिसे ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिला है।
कितना दमदार है हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाइक्रॉस के सबसे बड़े बदलावों में मुख्य रूप से इसका नया पेट्रोल हाइब्रिड इंजन शामिल है। जहां इस एमपीवी का डीजल वेरिएंट लंबे समय से ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है, वहीं कंपनी ने नई इनोवा के साथ डीजल विकल्प ही नहीं दिया है। इसके साथ बिल्कुल नए 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिए गए हैं। एआरएआई की मानें तो ये कार 21.1 किमी/लीटर माइलेज देती है। मतलब एक बार फुल टैंक कराने पर एमपीवी को 1,097 किमी तक चलाया जा सकता है।
