Tata Tiago And Tigor CNG AMT: टाटा मोटर्स ने कुछ महीने पहले में अपनी दो पॉपुलर कारों टियागो हैचबैक और टिगोर सेडान को दो सिलेंडर वाले सीएनजी सेटअप के साथ लॉन्च किया था। अब कंपनी ने इन दोनों किफायती कारों के सीएनजी मॉडल्स को ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ भी उपलब्ध कराया है। कंपनी ने 21,000 रुपये के साथ इन दोनों मॉडल्स की बुकिंग्स लेना भी शुरू कर दिया है। टाटा टियागो आईसीएनजी को एक्सटीए, एक्सजेडए प्लस और एक्सजेडए एनआरजी में पेश किया गया है, वहीं टिगोर आईसीएनजी एक्सजेडए और एक्सजेडए प्लस में उपलब्ध है।
टिआगो और टिगोर में क्या नया?
इन दोनों कारों के साथ नया सिर्फ ट्विन-सिलेंडर सीएनजी सेटअप है जिसे अल्ट्रोज के साथ पहली बार पेश किया गया था। इन दोनों कारों को 60 लीटर सीएनजी क्षमता दी गई है जो 30-30 लीटर के दो सिलेंडरों में बराबर बांटी गई है। बता दें कि पहले इन दोनों कारों में क्रमशः 80 लीटर और 205 लीटर बूट स्पेस मिलता था जो ट्विन सिलेंडर पेश होने के बाद बढ़ गया है, हालांकि कंपनी ने अब तक ये नहीं बताया कि बूट स्पेस में कितनी बढ़ोतरी हुई है। जहां अल्ट्रोज और पंच अल्फा प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं, वहीं टिआगो और टिगोर पुराने एक्सओ प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई हैं।
इंजन में कितना बदलाव हुआ?
टाटा मोटर्स ने नई टिआगो और टिगोर सीएनजी की पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ये दोनों कारें 1.2-लीटर 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ आती है जिन्हें 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और 5-स्पीड एएमटी से लैस किया गया है। पेट्रोल मोड में ये इंजन 86 एचपी ताकत और 113 एनएम पीक टॉर्क बनाता है, वहीं सीएनजी मोड में ये ताकत 73 एचपी और 95 एनएम पीक टॉर्क तक सीमित रह जाती है। भारतीय मार्केट में इनका मुकाबला मारुति सुजुकी सेलेरियो और वैगनआर, ह्यून्दे ग्रैंड आई10 निओस और ऑरा के साथ डिजायर से जारी है।
