Old Car Price: देश की राजधानी दिल्ली में पुरानी कारों पर लगी पाबंदियों के चलते हाल के दिनों में इनकी कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक की भारी गिरावट देखने को मिली है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि इस फैसले से पुरानी गाड़ियों का बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
Old Car Price: 60 लाख वाहन हुए प्रभावित
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि दिल्ली में पुरानी गाड़ियों पर अचानक लगे प्रतिबंधों के कारण करीब 60 लाख वाहन प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह गिरावट ईओएल (End of Life) पार कर चुके वाहनों पर प्रतिबंध के चलते हुई है।
ईंधन प्रतिबंध और सड़क पर रोक
दिल्ली सरकार ने अदालत के आदेश के बाद 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों और 10 साल पुराने डीजल वाहनों को ईंधन भरवाने और सड़कों पर चलने से रोक दिया है। यह नियम 1 जुलाई 2025 से लागू हुआ है।
सरकार से प्रतिबंध हटाने की अपील
इन नियमों का व्यापारी वर्ग और वाहन मालिकों द्वारा विरोध किया गया है। इसके बाद दिल्ली सरकार ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) से अनुरोध किया है कि इन प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
कारोबारी बेचने को मजबूर, दामों में भारी गिरावट
गोयल ने कहा कि पिछले 5 दिनों में पुरानी गाड़ियों की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक गिरावट आई है। दिल्ली के वाहन कारोबारी अब अपनी कारें एक चौथाई कीमत पर भी बेचने को मजबूर हो गए हैं।
अन्य राज्यों में भी सस्ती हो रही हैं गाड़ियां
दिल्ली से पुरानी कारें सामान्यतः पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में भेजी जाती हैं। लेकिन अब इन राज्यों में भी आक्रामक मोलभाव देखा जा रहा है, क्योंकि खरीदार दिल्ली के व्यापारियों की स्थिति से वाकिफ हैं।
लग्जरी गाड़ियां भी कम कीमत पर
गोयल ने कहा कि पहले जो लक्जरी पुरानी गाड़ियां ₹6–7 लाख में बिकती थीं, वे अब ₹4–5 लाख में भी मुश्किल से बिक रही हैं।
1,000 से अधिक व्यापारी प्रभावित
दिल्ली के करोल बाग, प्रीत विहार, पीतमपुरा और मोती नगर जैसे क्षेत्रों में 1,000 से अधिक वाहन व्यापारी पुरानी गाड़ियों के कारोबार से जुड़े हुए हैं, जो अब इस निर्णय से प्रभावित हो रहे हैं।
NOC प्राप्त करने में आ रही परेशानी
कार डीलरों ने यह भी शिकायत की है कि अन्य राज्यों में वाहन बेचने के लिए जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करना अब कठिन हो गया है। पहले यह प्रक्रिया सरल थी, लेकिन अब इसमें विलंब और जटिलताएं आ रही हैं। (इनपुट भाषा)
