ऑटो न्यूज़

MG Windsor EV हुई महंगी, 60,000 रुपये तक बढ़े दाम; नई कीमत जानकर ही पहुंचे शोरूम

MG Windsor EV खरीदने की योजना बना रहे हैं तो अब आपको पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कंपनी ने ईवी की कीमतों में 60 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है।

Image

MG Windsor EV के बढ़ गए दाम (Photo: mgmotor)

MG Windsor EV Prices Hiked: अगर आप भी एक नई ईवी खरीदने का प्लान बना रहें तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। MG Windsor EV के लिए अब ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी होगी। JSW MG Motor India ने जुलाई 2026 से अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार MG Windsor EV की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने इसके सभी वेरिएंट्स की कीमतों में बदलाव किया है, जिसमें अधिकतम 60,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। यह कीमत वृद्धि बढ़ती उत्पादन लागत और ऑटो इंडस्ट्री में लागत बढ़ने के कारण की गई है।

MG Windsor EV कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कारों में शामिल है। यह कार दो अलग-अलग बैटरी पैक विकल्पों के साथ उपलब्ध है और अपने प्रीमियम फीचर्स, लंबी ड्राइविंग रेंज तथा आरामदायक केबिन के कारण ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय है।

किस वेरिएंट की कीमत कितनी बढ़ी?

सबसे ज्यादा बढ़ोतरी Excite बेस वेरिएंट में की गई है। इसकी कीमत में 60,000 रुपये का इजाफा हुआ है। पहले यह वेरिएंट 14.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध था, जबकि अब इसकी कीमत बढ़कर 14,69,800 रुपये हो गई है।

इसके अलावा Exclusive वेरिएंट की कीमत में 46,900 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और इसकी नई कीमत 15,99,800 रुपये हो गई है। वहीं Essence वेरिएंट भी अब 46,900 रुपये महंगा होकर 16,99,800 रुपये में उपलब्ध होगा।

अगर Pro वेरिएंट की बात करें तो Exclusive Pro की कीमत में 52,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 17.90 लाख रुपये हो गई है। वहीं टॉप मॉडल Essence Pro अब 40,000 रुपये महंगा होकर 19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में मिलेगा। कुल मिलाकर विभिन्न वेरिएंट्स की कीमतों में लगभग 2.15% से 4.26% तक की वृद्धि हुई है।

बैटरी और रेंज में कोई बदलाव नहीं

कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी ने कार के बैटरी पैक, मोटर या फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया है। MG Windsor EV के Excite, Exclusive और Essence वेरिएंट्स में 38 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार चार्ज करने पर 332 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज देता है। वहीं Exclusive Pro और Essence Pro वेरिएंट्स में बड़ा 52.9 kWh बैटरी पैक दिया गया है, जो 449 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज प्रदान करता है। सभी वेरिएंट्स में इलेक्ट्रिक मोटर 136 PS की पावर और 200 Nm का टॉर्क जनरेट करती है।

फास्ट चार्जिंग की सुविधा

38 kWh बैटरी वाले मॉडल 45 kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करते हैं और लगभग 45 मिनट में 20% से 80% तक चार्ज हो सकते हैं। वहीं 52.9 kWh बैटरी वाले Pro वेरिएंट्स 60 kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करते हैं और लगभग 50 मिनट में 20% से 80% तक चार्ज हो जाते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article