Maruti Suzuki Alto K10 CNG: मारुति सुजुकी ने भारतीय ग्राहकों की चहेती सस्ती हैचबैक ऑल्टो के10 का ंसीएनजी वेरिएंट लॉन्च कर दिया है. इस कार का सीएनजी मॉडल सिर्फ वीक्सआई वेरिएंट में मिलेगा जिसकी एक्सशोरूम कीमत 5.95 लाख रुपये रखी गई है. पहले से इस कार की डिमांड मार्केट में काफी ज्यादा है और इसके सीएनजी वेरिएंट के लॉन्च से मांग में और बढ़ोतरी होना तय है. नई ऑल्टो के10 सीएनजी में लगा इंजन 64.46 एचपी ताकत और 82.1 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है.
मिलेगा करीब 34 किमी माइलेज
इस सीएनजी वेरिएंट का माइलेज करीब 34 किमी यानी 33.85 किमी/किग्रा है. बता दें कि कुछ समय पहले ही नई जनरेशन ऑल्टो के10 भारत में लॉन्च की गई है जिसके स्टैंडर्ड वेरिएंट की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 3.99 लाख रुपये है. कार के साथ 1.0-लीटर के-सीरीज डुअल जेट वीवीटी इंजन लगाया गया है जो सिर्फ पेट्रोल और अब सीएनजी विकल्प में उपलब्ध है. दिखने में ये कार काफी अच्छी है और इस बजट में पूरी तरह पैसा वसूल गाड़ी भी है.
महंगी कार वाले हैं फीचर्स
कार का पेट्रोल वेरिएंट करीब 25 किमी/लीटर माइलेज देता है. इसे कई कॉस्मैटिक और तकनीकी बदलावों के साथ पेश किया गया है. फीचर्स पर नजर डालें तो केबिन में टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है जो एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट करता है. इसके अलावा महंगी कार वाले बहुत सारे बेसिक फीचर्स इस कार को मिले हैं. हाल ही में मारुति सुजुकी ने सबसे ज्यादा बिकने वाली बलेनो प्रीमियम हैचबैक और एक्सएल6 एमपीवी के सीएनजी वेरिएंट भी मार्केट में उतारे गए हैं.
