EV Battery Replacement Cost: फेस्टिव सीजन में अक्सर लोग नई कार खरीदने की योजना बनाते हैं। वहीं, पेट्रोल-डीजल के खर्च से बचने और कम रनिंग कॉस्ट के कारण कई लोग इस बार ईवी (EV) खरीदने का प्लान बना रहे होंगे। हालांकि, इलेक्ट्रिक कार खरीदने से पहले उसके सबसे महंगे हिस्से यानी बैटरी की लागत को समझना जरूरी है। यह समझना जरूरी है कि अगर भविष्य में बैटरी बदलवाने की जरूरत पड़ जाए तो जेब पर कितना बोझ पड़ सकता है-
कितनी महंगी पड़ सकती है ईवी की बैटरी?
इलेक्ट्रिक कार की बैटरी (EV Battery) बदलवाने का खर्च उसकी क्षमता, मॉडल और कंपनी पर निर्भर करता है। भारत में छोटी इलेक्ट्रिक कारों की बैटरी बदलवाने का खर्च 5 लाख रुपये तक जा सकता है। जबकि बड़ी बैटरी वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी के मामले में यह रकम 8-10 लाख रुपये या इससे भी अधिक पहुंच सकती है। हालांकि, ये अनुमान हैं, वास्तविक खर्च के लिए कंपनी के ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर से जानकारी लेना जरूरी है।
यह भी समझें कि बैटरी की क्षमता किलोवॉट-ऑवर (kWh) में मापी जाती है। वहीं, आमतौर पर बड़ी क्षमता वाली बैटरी महंगी होती है। इसके अलावा, बैटरी पैक की तकनीक, उपलब्धता, वारंटी और रिप्लेसमेंट के समय लगने वाली लेबर कॉस्ट भी कुल खर्च को प्रभावित करती है।
अलग-अलग ईवी में कितना खर्च आएगा?
बाजार अनुमानों के मुताबिक, छोटी इलेक्ट्रिक कारों की बैटरी बदलवाने में करीब 3-5 लाख रुपये खर्च हो सकते हैं। वहीं, टाटा नेक्सन ईवी जैसी मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी में बैटरी बदलवाने का खर्च लगभग 5-9 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। एमजी जेडएस ईवी जैसी बड़ी बैटरी वाली कारों में यह खर्च करीब 6.5-8.5 लाख रुपये तक हो सकता है। हालांकि, ये केवल अनुमानित आंकड़े हैं।
क्या बैटरी खराब होने पर पूरी बदलवानी पड़ेगी?
बहुत से ईवी खरीदारों के मन में यह भी सवाल होता है कि अगर बैटरी में खराबी आ जाए तो पूरा पैक बदलवाना जरूरी होता है या नहीं। दरअसल, जरूरी नहीं कि बैटरी में खराबी आने पर पूरा पैक बदलवाना पड़े। कुछ मामलों में खराब मॉड्यूल या संबंधित इलेक्ट्रॉनिक हिस्से को रिपेयर करने से काम चल सकता है। हालांकि, यह बैटरी की स्थिति, खराबी और कंपनी की सर्विस पॉलिसी पर निर्भर करता है। रिप्लेसमेंट का फैसला लेने से पहले ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर से बैटरी डायग्नोस्टिक रिपोर्ट और लिखित कोटेशन जरूर लें।
ईवी खरीदने से पहले क्या करें?
इस बात का ध्यान रखें कि फेस्टिव सीजन में केवल डिस्काउंट और रेंज देखकर इलेक्ट्रिक कार न खरीदें। बैटरी की वारंटी, रिप्लेसमेंट का अनुमानित खर्च, सर्विस नेटवर्क और इस्तेमाल की अवधि को भी ध्यान में रखें। इससे भविष्य में बड़े खर्च के लिए बेहतर योजना बना सकेंगे।
