Kia Cars In Auto Expo 2023: भारत की सबसे तेजी से बढ़ती कार निर्माता कंपनी, किआ इंडिया, आगामी ऑटो एक्सपो 2023 में मोबिलिटी के भविष्य को प्रदर्शित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां पर कंपनी अपनी कॉन्सेप्ट EV को भी पेश करेगी, जिसे ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में इनोवेशन की झलक पेश करने के लिए कंपनी द्वारा विकसित और डिजाइन किया गया है। इस कॉन्सेप्ट EV के अलावा, देश के ऑटोमोबाइल बाजार में RV के क्षेत्र में अपनी लीडरशिप पोजिशन को और मजबूत करने के लिए, किआ इस मोटर शो में एक बड़ी RV- KA4 और स्पेशल मोबिलिटी सॉल्यूशन भी पेश करेगी। यहां आने वाले दर्शक पवेलियन के एक खास सेक्शन में किआ इंडिया के अब तक के जबर्दस्त सफर की झलक भी देख सकते हैं।
विजिटर्स बेहतरीन अनुभव प्राप्त करेंगे
एक्सपो के हॉल नं. 7 में करीब 3150 वर्ग मीटर क्षेत्र में किआ पवेलियन को स्थापित किया गया है। यहां किआ EV6 सिमुलेटर ज़ोन, किआ कनेक्ट का लाइव प्रदर्शन दिखाने वाले टेक्नोलॉजी ज़ोन, किआ की सफलता के सफर को दिखाने वाली KIN वॉल ऑफ़ फ़ेम और स्मार्ट प्लास्टिक रीसाइक्लिंग यूनिट जैसी दर्शकों को एंगेज करने वाली कई एक्टिविटीज़ के साथ विजिटर्स एक बेहतरीन अनुभव प्राप्त करेंगे।
हमारी नजरें भविष्य पर टिकी हैं
किआ इंडिया की एमडी और सीईओ श्रीमती ताई जिन पार्क ने इस संबंध में बात करते हुए कहा, "एक युवा कार निर्माता के रूप में, हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि हम अपने ग्राहकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करें। लगभग 4 वर्षों से हम कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहे हैं और ऑटो एक्सपो 2023 भी इससे किसी भी मायनों में अलग नहीं होगा। अपने डायवर्सिफाइड प्रोडक्ट शोकेस के माध्यम से, हम विजिटर्स को एक टिकाउ भविष्य की एक झलक पेश करेंगे। हमारी नजरें भविष्य पर टिकी हैं और हमारे पैर मजबूती से जमीन पर जमे हैं, इसी सोच के साथ, हम यह प्रदर्शित करेंगे कि हम अपने वाहनों और अपने सभी टचपॉइंट्स के साथ ग्राहकों के अनुभव को किस प्रकार बेहतर बनाना चाहते हैं। भारत में अब तक हमें जो प्यार और समर्थन मिला है, वह बहुत ही अभूतपूर्व है, और हमें विश्वास है कि आगामी ऑटो एक्सपो में दर्शकों से एक मजबूत और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी।"
