Hyundai India ने अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक एसयूवी Hyundai Creta Electric के लिए Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल लॉन्च कर दिया है। BaaS मॉडल की वजह से एसयूवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 18.03 लाख रुपये से घटकर 10.99 लाख रुपये रह गई है। यानी ग्राहकों को कार खरीदते समय अब करीब 7 लाख रुपये कम खर्च करने होंगे। हालांकि, इसके बदले बैटरी खरीदने के बजाय उसका इस्तेमाल करने के लिए अलग से शुल्क देना होगा। इसी के साथ, Hyundai अब भारत में BaaS सुविधा देने वाली सातवीं कार निर्माता कंपनी बन गई है। इससे पहले MG, Citroen, Kia, Maruti Suzuki और Toyota जैसी कंपनियां भी इस मॉडल को अपना चुकी हैं।
क्या है Battery-as-a-Service (BaaS)?
Battery-as-a-Service मॉडल में ग्राहक कार का मालिक बनता है, लेकिन बैटरी उसकी नहीं होती। यानी कार खरीदते समय बैटरी की कीमत नहीं चुकानी पड़ती। इसके बदले ग्राहक को बैटरी इस्तेमाल करने के हिसाब से शुल्क देना होता है। Hyundai ने Creta Electric के लिए यह शुल्क 3.90 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया है। यानी अगर कोई व्यक्ति रोजाना लगभग 30 किलोमीटर कार चलाता है तो उसे बैटरी इस्तेमाल के लिए करीब 117 रुपये प्रतिदिन, लगभग 3,500 रुपये प्रति माह और सालभर में करीब 42,000 रुपये देने होंगे।
किसे होगा सबसे ज्यादा फायदा?
BaaS मॉडल का सबसे बड़ा फायदा उन ग्राहकों को मिलेगा जो Creta Electric खरीदना चाहते थे, लेकिन इसकी 18 लाख रुपये से अधिक की शुरुआती कीमत के कारण इसे खरीद नहीं पा रहे थे। अब कार की शुरुआती कीमत काफी कम होने से डाउन पेमेंट और लोन की राशि दोनों घट जाएंगी। इससे कार खरीदना आसान हो जाएगा। ऐसे में जो लोग ज्यादा ड्राइविंग करते हैं, उनके लिए कुल मासिक खर्च सामान्य EMI वाले मॉडल के बराबर या कुछ मामलों में अधिक भी हो सकता है।
फिलहाल Hyundai ने सभी वेरिएंट्स की BaaS कीमतों की घोषणा नहीं की है। अभी 10.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत केवल बेस वेरिएंट पर लागू है।
बैटरी, रेंज और पावर
Hyundai Creta Electric में पहले की तरह दो बैटरी विकल्प मिलते हैं। इसमें 42kWh और 51.4kWh बैटरी पैक शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, ये क्रमशः 420 किलोमीटर और 510 किलोमीटर तक की दावा की गई ड्राइविंग रेंज प्रदान करते हैं। कार में फ्रंट एक्सल पर सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो बैटरी वेरिएंट के अनुसार 135 hp या 171 hp तक की पावर जनरेट करती है।
