Honda Flex Fuel Bike: होंडा मोटरसाइकिल इंडिया ने जल्द देश में फ्लेक्स फ्यूल इंजन वाली नई बाइक लॉन्च करने का प्लान बनाया है. होंडा टू-व्हीलर्स ने ऐलान किया है कि कंपनी की पहली फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिल अगले दो साल के अंदर भारतीय मार्केट में बिकने लगेगी. अगर इस बीच कोई नई फ्लेक्स फ्यूल बाइक लॉन्च नहीं होती तो टीवीएस अपाचे आरटीआर 200 एफआई ई100 के बाइ इस इंजन के साथ बाइक लाने वाली होंडा दूसरी कंपनी होगी. हालांकि कंपनी ने अब तक ये जानकारी नहीं दी है कि किस मॉडल को इस नए इंजन के साथ पेश किया जाएगा.
विदेशी मार्केट में पहले से बिक रही
होंडा ने फ्लेक्स फ्यूल इंजन पर काम करने की बात पहले भी की थी. इसके अलावा ब्राजील जैसे मार्केट में पहले से होंडा फ्लेक्स फ्यूल इंजन वाली बाइक्स बेच रही है. कंपनी भारत में एक या कई बाइक्स लॉन्च कर सकती है जिन्हें पेट्रोल के साथ इथेनॉल से भी चलाया जा सकता है.
क्या होता है इथेनॉल
इथेनॉल गन्ने से बना एक तरह का एल्कोहल होता है जिसे पेट्रोल में मिलाया जाता है, लेकिन शक्कर वाली अन्य चीजों से भी इसे तैयार किया जा सकता है. पेट्रोल में इथेनॉल के मिलने से ये ब्लेंडेड फ्यूल बनता है तो कम प्रदूषण फैलाता है और इसके मिलने पर पेट्रोल की कीमत काफी कम हो जाती है.
केंद्र सरकार दे रही इसपर जोर
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया का कहना है कि फ्लेक्स फ्यूल बाइक तब लॉन्च की जा रही है जब सरकार इसपर जोर दे रही है. जानलेवा हो चुके प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए केंद्रा सरकार ने सभी वाहन निर्माताओं से क्लीन और वैकल्पिक ईंधन वाले वाहन पेश करने को कहा है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इसे लेकर काफी गंभीर हैं और तेजी से फैसले ले रहे हैं.
