Honda To Launch 2 New Electric Two-Wheelers In India Soon: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने वित्त वर्ष 2024 से पहले दो नए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स लॉन्च करने का ऐलान कर दिया है। इन दोनों इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स को स्वैपेबल बैटरी के साथ पेश किया जाएगा। कंपनी ने ये जानकारी भी दी है कि ये ईवी मीडियम रेंज के इलेक्ट्रिक दो-पहिया होंगे। हालांकि कंपनी ने अब तक ये साफ नहीं किया है कि आगामी ईवी ई-स्कूटर होगा या फिर इलेक्ट्रिक बाइक। होंडा टू-व्हीलर्स ने आगे बताया कि 2030 तक कंपनी 10 लाख इलेक्ट्रिक वाहन बनाने के प्लान पर चल रही है।
कर्नाटक में होगा ईवी का उत्पादन
एसएमएसआई ने जानकारी दी है कि भारतीय मार्केट के लिए नए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स का उत्पादन कर्नाटक के नरसापुर में किया जाने वाला है। भारत में बेचने के अलावा कंपनी भारत से अन्य देशों में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स निर्यात भी करेगी। ईवी बेचने के अलावा होंडा टू-व्हीलर्स देशभर में 6,000 से ज्यादा टचपॉइंट लॉन्च करने वाली है ताकि इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों को बैटरी चार्जिंग के लिए परेशानी ना उठाना पड़े।
एक्टिवा का इलेक्ट्रिक मॉडल भी शामिल!
होंडा के नए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स स्वैपेबल बैटरी पैक के साथ आने वाले हैं, मतलब आप इस गाड़ी की बैटरी निकालकर अपने घर या दफ्तर में आसानी से चार्ज कर सकते हैं।बता दें कि आगामी दो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स में एक होंडा एक्टिवा का इलेक्ट्रिक अवतार होगा, वहीं दूसरा होंडा ईएम1ई होने का अनुमान है।दूसरे इलेक्ट्रिक स्कूटर को ईआईसीएमए मोटर शो में शोकेस किया गया था जो सिंगल चार्ज में 40 किमी तक रेंज देती है।
