ऑटो न्यूज़

भारत में 'ई-क्लच' फीचर के साथ लॉन्च हुई Honda NX500, बिना क्लच दबाए बदल सकेंगे गियर

Honda NX500 E-Clutch Launched in India: HMSI ने अपनी मशहूर एडवेंचर टूरर NX500 को एक बड़े अपडेट के साथ भारत में लॉन्च कर दिया है। नई Honda NX500 अब कंपनी की मॉडर्न 'ई-क्लच' टेक्नोलॉजी से लैस है।

Image

Honda NX500 E Clutch (X handle/@BigWingIndia)

Honda NX500 E-Clutch Launched in India: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने भारतीय बाजार में अपनी एडवेंचर टूरर बाइक NX500 का नया E-Clutch वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.44 लाख रुपये रखी है। खास बात यह है कि यह भारत की पहली मिडलवेट एडवेंचर बाइक बन गई है, जिसमें Honda की नई E-Clutch तकनीक दी गई है। यह तकनीक राइडिंग को पहले से ज्यादा आसान और आरामदायक बनाने के लिए लाई गई है।

471cc का पैरलल-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन

नई Honda NX500 E-Clutch में कंपनी ने 471cc का पैरलल-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया है। यह इंजन लगभग 47 bhp की पावर और 43 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। हालांकि सबसे बड़ा बदलाव इसका E-Clutch सिस्टम है, जिसकी वजह से राइडर बिना क्लच लीवर दबाए भी गियर बदल सकता है। इससे ट्रैफिक और लंबी दूरी की राइडिंग दोनों में सुविधा बढ़ जाती है।

बार-बार क्लच इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं

Honda का कहना है कि E-Clutch तकनीक खासतौर पर उन राइडर्स के लिए बेहद काम की साबित होगी, जो शहर के ट्रैफिक में बार-बार क्लच इस्तेमाल करने से बचना चाहते हैं। इसके बावजूद अगर राइडर चाहे तो वह मैनुअली भी क्लच का इस्तेमाल कर सकता है। यानी यह सिस्टम पूरी तरह ऑटोमैटिक नहीं है, बल्कि जरूरत के हिसाब से दोनों विकल्प देता है।

लंबी दूरी की राइडिंग के लिए परफेक्ट बाइक

डिजाइन की बात करें तो नई NX500 एक एडवेंचर टूरर बाइक की तरह दमदार रोड प्रजेंस देती है। इसमें बड़ा फ्यूल टैंक, लंबा विंडस्क्रीन और मजबूत बॉडी डिजाइन देखने को मिलता है। बाइक को खासतौर पर लंबी दूरी की राइडिंग और खराब रास्तों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

डुअल-चैनल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल फीचर्स से लैस

फीचर्स की बात करें तो इसमें फुल LED लाइटिंग, डिजिटल TFT डिस्प्ले और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। राइडर डिस्प्ले के जरिए जरूरी जानकारी आसानी से देख सकता है। इसके अलावा बाइक में डुअल-चैनल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं।

हाईवे और ऑफ-रोडिंग के लिए दमदार बाइक

सस्पेंशन सेटअप के लिए आगे USD फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। वहीं बेहतर ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक मिलते हैं। बाइक का वजन और राइडिंग पोजिशन इसे हाईवे और ऑफ-रोडिंग दोनों के लिए बेहतर बनाते हैं।

किन ग्राहकों को पसंद आएगी बाइक

भारत में प्रीमियम और एडवेंचर बाइक सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में नई तकनीक और बेहतर राइडिंग एक्सपीरियंस देने वाली बाइक्स की मांग भी लगातार बढ़ रही है। Honda की यह नई बाइक खासतौर पर उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, जो लंबी दूरी की राइडिंग और एडवेंचर टूरिंग पसंद करते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article