Honda ने भारतीय स्कूटर बाजार में बड़ा दांव खेला है। Honda Motorcycles and Scooters India (HMSI) ने ADV 160 को लॉन्च किया है, जो कंपनी का भारत में पहला बिग-डिस्प्लेसमेंट स्कूटर होने के साथ ही भारत का पहला Flex Fuel Scooter भी है। इसकी कीमत 1.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है और डिलीवरी अक्टूबर 2026 के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है।
ADV 160 का मुकाबला सीधे तौर पर Yamaha Aerox 155 और Hero Xoom 160 जैसे स्पोर्टी और लिक्विड-कूल्ड स्कूटर्स से होगा। Honda के नए स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ इसका इंजन या डिजाइन नहीं है। यह E85 तक के इथेनॉल ब्लेंडिंग वाले फ्यूल पर चल सकता है। यानी जहां Aerox 155 और Xoom 160 की अपनी अलग खूबियां हैं, वहीं Honda ने फ्यूल टेक्नोलॉजी के जरिए इस मुकाबले में एक नया मोर्चा खोल दिया है।
कीमत में Honda सबसे महंगा
तीनों स्कूटर्स की कीमत देखें तो Honda ADV 160 सबसे ऊपर खड़ा नजर आता है। Honda ADV 160 की कीमत 1.70 लाख रुपये है। इसके मुकाबले Yamaha Aerox 155 की कीमत करीब 1.46 लाख से 1.50 लाख रुपये के बीच है। वहीं Hero Xoom 160 की कीमत जीएसटी बदलाव के बाद करीब 1.43 लाख रुपये हो गई है। इस हिसाब से Xoom 160 सबसे सस्ता विकल्प है, जबकि ADV 160 के लिए आपको करीब 20 से 27 हजार रुपये तक ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं।
होंडा सबसे अलग क्यों?
जब Aerox 155 और Xoom 160 कम कीमत में मिल रहे हैं, तब क्या ADV 160 की ज्यादा कीमत सही ठहरती है? असल में Honda की रणनीति साफ है कि यह स्कूटर सिर्फ कीमत के आधार पर मुकाबला करने नहीं आया है। कंपनी इसे ज्यादा प्रीमियम फीचर्स, बेहतर रोड प्रेजेंस और Flex Fuel तकनीक के दम पर अलग लेवल पर प्लेस करना चाहती है। ADV 160 को बाकी दोनों स्कूटर्स से अलग करने वाली सबसे बड़ी चीज इसका E85 Flex Fuel कंपैटिबिलिटी है। यानी यह स्कूटर भविष्य के हिसाब से तैयार किया गया है।
