Mahindra Bolero Neo Safety Rating: महिंद्रा बोलेरो नियो का हाल में ग्लोबल एनकैप ने क्रैश टेस्ट किया है जिसमें इस एसयूवी को सिर्फ 1 स्टार रेटिंग मिली है। कंपनी ने बोलेरो नियो को शहरी ग्राहकों के हिसाब से तैयार किया है लेकिन इसकी सेफ्टी रेटिंग बहुत निराशाजनक है। ये महिंद्रा की पहली एसयूवी है जिसे इतनी खराब सेफ्टी रेटिंग दी गई है। जिस एसयूवी का क्रैश टेस्ट किया गया है उसके साथ 2 एयरबैग्स मिले हैं। इसे वयस्कों और बच्चों दोनों के लिए बहुत खराब सुरक्षा रेटिंग दी गई है।
कितनी सेफ है एसयूवी
ग्लोबल एनकैप ने महिंद्रा बोलेरो नियो का क्रैश टेस्ट एजेंसी के नए सेफ्टी टेस्ट प्रोटेकॉल के तहत किया है। इस क्रैश टेस्ट में वयस्कों के सीने की सुरक्षा के लिए बहुत कम अंक एसयूवी को दिए गए हैं। एजेंसी की मानें तो एसयूवी का स्ट्रक्चर अस्थिर पाया गया है, इसके अलावा फुटवेल एरिया भी अस्थिर बना रहा। पैरों के लिए भी क्रैश टेस्ट के दौरान बहुत कम सुरक्षा मिली है। पिछले यात्रियों के सीने और पैर भी इस क्रैश टेस्ट में असुरक्षित पाए गए हैं। साइड हेड प्रोटेक्शन भी बड़ी वजह रही जिसके चलते सेफ्टी रेटिंग पर बहुत बुरा असर पड़ा है।
महिंद्रा ने दी ये प्रतिक्रिया
बच्चों की सेफ्टी के लिए भी महिंद्रा बोलेरो नियो असुरक्षित पाई गई है। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने इस सेफ्टी रेटिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी का कहना है कि बोलेरो नियो एक विश्वस्नीय यूटिलिटी वाहन है। इसकी बनावट बहुत मजबूत है और इसे किसी भी तरह के मौसम या सड़क पर चलाया जा सकता है। भारत में अब तक लागू हुए सभी सुरक्षा मानकों पर ये एसयूवी खरी उतरती है और इस समय-समय पर अपडेट भी किया जाता रहा है। महिंद्रा अपने ग्राहकों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है और नए वाहनों को पूरी तरह सुरक्षित बनाया गया है।
