नई बाइक खरीदते समय ज्यादातर लोग सबसे पहले उसके इंजन की क्षमता यानी CC (क्यूबिक कैपेसिटी) पर ध्यान देते हैं। बाजार में 125cc से लेकर 350cc और उससे ऊपर तक की बाइक उपलब्ध हैं। लेकिन बड़ा इंजन हमेशा बेहतर हो, ऐसा जरूरी नहीं है। एक सही बाइक का चुनाव इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे किस उद्देश्य से खरीद रहे हैं, आपका रोजाना का सफर कितना है, आपका बजट क्या है और आप किस तरह की परफॉर्मेंस चाहते हैं। अगर आप इन बातों को समझकर बाइक चुनते हैं, तो आपको बेहतर माइलेज, कंफर्टेबल राइड और कम मेंटेनेंस का फायदा मिल सकता है। कौन-सी बाइक किसके लिए सही साबित हो सकती है-
125cc बाइक किसके लिए सही है?
125cc सेगमेंट की बाइक उन लोगों के लिए बेहतर मानी जाती है, जो रोजाना शहर के अंदर ऑफिस, कॉलेज या छोटे-छोटे सफर करते हैं। इस सेगमेंट की बाइक आमतौर पर अच्छी माइलेज देती हैं और इनकी कीमत भी कम होती है। अगर आपकी प्राथमिकता कम ईंधन खर्च, आसान मेंटेनेंस और कंफर्टेबल सिटी राइड है, तो 125cc बाइक अच्छा विकल्प हो सकती है।
150cc बाइक कब खरीदनी चाहिए?
150cc बाइक उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प है, जो शहर के साथ-साथ कभी-कभी हाईवे पर भी सफर करते हैं। इसमें 125cc की तुलना में ज्यादा पावर मिलती है, लेकिन माइलेज भी बैलेंस्ड रहती है।
अगर आप रोजाना 30-50 किलोमीटर तक सफर करते हैं और कभी-कभार लंबी राइड भी करते हैं, तो 150cc बाइक एक अच्छा विकल्प साबित होगी।
200cc बाइक किसके लिए बेहतर रहेगी?
अगर आपको स्पोर्टी राइडिंग पसंद है या आप अक्सर हाईवे पर लंबी दूरी तय करते हैं तो 200cc बाइक बेहतर विकल्प हो सकती है। इस सेगमेंट में बेहतर एक्सीलरेशन, ज्यादा पावर और हाई स्पीड पर अधिक स्थिरता मिलती है। हालांकि 200cc बाइक की कीमत, बीमा, सर्विस और ईंधन खर्च 125cc और 150cc मॉडल की तुलना में अधिक हो सकता है। इसलिए इसे खरीदने से पहले अपने बजट का ध्यान रखना जरूरी है।
350cc बाइक कब चुनें?
350cc सेगमेंट उन लोगों के लिए है जो लंबी टूरिंग, हाईवे राइडिंग और दमदार इंजन का एक्सपीरियंस चाहते हैं। इस कैटेगरी की बाइक में लो-एंड टॉर्क अच्छा मिलता है, जिससे पहाड़ी रास्तों और लंबी यात्राओं में बेहतर परफॉर्मेंस मिलती है। हालांकि इन बाइक का वजन अधिक होता है और इन्हें शहर के भारी ट्रैफिक में चलाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। साथ ही इनकी कीमत, मेंटेनेंस और फ्यूल खर्च भी ज्यादा होता है।
