Cars Sales July 2026: देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों ने बीते महीने मजबूत बिक्री दर्ज की। सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने घरेलू बाजार में नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि टाटा मोटर्स, हुंडई, टोयोटा, एमजी, होंडा और रेनो ने भी सालाना आधार पर अच्छी बढ़त दर्ज की। आइए जानते हैं बीते महीने किस कंपनी का प्रदर्शन कैसा रहा-
मारुति सुजुकी ने बनाया नया रिकॉर्ड
मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki) ने जुलाई 2026 में कुल 2,41,421 वाहनों की बिक्री की। कंपनी की घरेलू बिक्री 2,00,123 यूनिट रही, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक घरेलू बिक्री का आंकड़ा है। इसके अलावा कंपनी ने 11,242 यूनिट अन्य OEMs को सप्लाई कीं, जबकि 30,056 यूनिट का निर्यात किया।
महिंद्रा ने बेचे 1 लाख से ज्यादा वाहन
महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra and Mahindra) ने जुलाई 2026 में कुल 1,03,860 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जिसमें निर्यात को शामिल करते हुए कंपनी ने 26% की सालाना वृद्धि हासिल की। एसयूवी और यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा। महिंद्रा ने घरेलू बाजार में 60,048 यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 20% की बढ़ोतरी है। वहीं, निर्यात समेत यूटिलिटी व्हीकल की कुल बिक्री 60,887 यूनिट रही। कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी कंपनी ने अच्छी ग्रोथ दर्ज की। जुलाई 2026 में महिंद्रा की घरेलू कमर्शियल व्हीकल बिक्री 25,204 यूनिट रही, जिसमें 23% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई।
हुंडई ने दर्ज की अब तक की सबसे बड़ी जुलाई बिक्री
हुंडई मोटर इंडिया ने जुलाई 2026 में कुल 75,360 यूनिट की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में 25.4% की मजबूत बढ़ोतरी है। इसमें 54,210 यूनिट घरेलू बाजार में और 21,150 यूनिट निर्यात की गईं। घरेलू बिक्री में कंपनी को 23.3% और निर्यात में 31.4% की सालाना बढ़ोतरी मिली।
टाटा मोटर्स की बिक्री में 37% की बढ़ोतरी
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने जुलाई 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कुल 63,760 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 59% अधिक है। कंपनी की घरेलू बिक्री 62,611 यूनिट रही, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1,149 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई। कंपनी के इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मांग सबसे ज्यादा मजबूत रही और जुलाई में कुल 15,217 ईवी की बिक्री हुई।
टोयोटा की बिक्री भी बढ़ी
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने जुलाई 2026 में कुल 32,516 यूनिट की बिक्री दर्ज की। इनमें से 30,516 यूनिट घरेलू बाजार में बेची गईं, जबकि जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 29,159 यूनिट था, जो सालाना आधार पर कंपनी की घरेलू बिक्री में 5% की बढ़ोतरी को दिखाता है।
किआ की सालाना बिक्री 27.4% बढ़ी
किआ इंडिया ने जुलाई 2026 में कुल 28,200 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो जुलाई 2025 में बेची गई 22,135 यूनिट के मुकाबले 27.4% की सालाना बढ़ोतरी दर्शाती है। यह कंपनी की शुरुआत के बाद से किसी भी जुलाई महीने का अब तक का सबसे बेहतरीन होलसेल प्रदर्शन है। वहीं, जनवरी से जुलाई 2026 की अवधि में किआ इंडिया ने कुल 1,91,949 वाहनों की होलसेल डिस्पैच की, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 1,64,274 यूनिट था। इस तरह कंपनी ने साल-दर-साल आधार पर 16.8% की मजबूत वृद्धि दर्ज की है।
होंडा और रेनो ने भी दिखाई मजबूती
होंडा कार्स इंडिया ने जुलाई 2026 में कुल 8,284 यूनिट की बिक्री की। इसमें 6,014 यूनिट घरेलू बाजार में और 2,270 यूनिट निर्यात की गईं। कंपनी की घरेलू बिक्री में 48% से अधिक की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, रेनो इंडिया ने 3,293 यूनिट की घरेलू होलसेल बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में 27.9% अधिक है। खास बात यह है कि रेनो ने लगातार 11वें महीने दो अंकों की ग्रोथ हासिल की है।
