ऑटो न्यूज़

1 जनवरी से महंगी हो सकती हैं सभी कंपनियों की बाइक्स, सरकार के इस फैसले का पड़ेगा असर!

ऑटो इंडस्ट्री का मानना है कि भारत में बिकने वाली 85% से ज्यादा मोटरसाइकिलें 125cc से नीचे के इंजन वाली हैं। इन पर एबीएस लगाने से वाहन की कीमत लगभग 6,000 रुपये तक बढ़ सकती है। इसका सीधा असर ग्रामीण और मध्यम वर्गीय ग्राहकों पर पड़ेगा, जो रोजमर्रा की यात्रा और रोजगार के लिए किफायती बाइक्स पर निर्भर हैं।

ABS IN BIKES

ABS IN BIKES FROM 1 JANUARY- PHOTO-CANVA

हाल ही में जीएसटी 2.0 के बाद तमाम कंपनियों की बाइक्स सस्ती हुई हैं, लेकिन नए साल में फिर से लोगों को झटका लग सकता है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि भारत में दोपहिया वाहन इंडस्ट्री इस वक्त एक अहम मोड़ पर खड़ी है। जहां एक ओर सरकार सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर वाहन निर्माता कंपनियां चिंतित हैं कि नया नियम उनके लिए भारी न पड़ जाए।

केंद्र सरकार ने सभी नई मोटरसाइकिलों में एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) को अनिवार्य करने की योजना बनाई है, लेकिन कंपनियों का कहना है कि अगर यह नियम 1 जनवरी 2026 से लागू होता है, तो हाल में बढ़ी बिक्री और जीएसटी राहत का असर खत्म हो सकता है।

कंपनियों ने कहा- “125cc से नीचे की बाइक्स पर एबीएस जरूरी नहीं”

देश की दो प्रमुख दोपहिया कंपनियां Hero MotoCorp और Honda Motorcycle and Scooter India (HMSI) ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) से अनुरोध किया है कि 125cc से कम इंजन वाली बाइक्स पर एबीएस को अनिवार्य न किया जाए। कंपनियों का तर्क है कि जापान जैसे विकसित देशों में भी यह नियम सिर्फ 125cc से ऊपर की बाइक्स पर लागू है, जबकि छोटी बाइक्स के लिए कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) को पर्याप्त माना जाता है।

एक बड़े टू-व्हीलर ब्रांड के अधिकारी ने कहा, “जब जापान में 125cc से कम बाइक्स पर एबीएस अनिवार्य नहीं है, तो भारत में इसकी जरूरत क्यों? इससे इंडस्ट्री पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और हाल की टैक्स राहत का फायदा बेकार हो जाएगा।”

सरकार का उद्देश्य- सड़क सुरक्षा में सुधार

सरकार का कहना है कि एबीएस को सभी नई बाइक्स में अनिवार्य करने से अचानक ब्रेक लगने पर व्हील लॉक या स्किड की घटनाएं घटेंगी, जिससे सड़क हादसों में कमी आएगी। मंत्रालय का यह निर्णय फिलहाल विचाराधीन है और सूत्रों के अनुसार, इस पर इस महीने के अंत तक अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

इंडस्ट्री की चिंता- कीमतें बढ़ेंगी, खरीदार घटेंगे

ऑटो इंडस्ट्री का मानना है कि भारत में बिकने वाली 85% से ज्यादा मोटरसाइकिलें 125cc से नीचे के इंजन वाली हैं। इन पर एबीएस लगाने से वाहन की कीमत लगभग 6,000 रुपये तक बढ़ सकती है। इसका सीधा असर ग्रामीण और मध्यम वर्गीय ग्राहकों पर पड़ेगा, जो रोजमर्रा की यात्रा और रोजगार के लिए किफायती बाइक्स पर निर्भर हैं। कंपनियों का कहना है कि वर्तमान में सीबीएस सिस्टम इन बाइक्स के लिए पर्याप्त सुरक्षा देता है और छोटे कस्बों या गांवों की सड़कों पर भी प्रभावी है।

किस कंपनी पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?

  • Hero MotoCorp: 99% बिक्री 125cc से कम बाइक्स की
  • Honda (HMSI): 89% बिक्री इस सेगमेंट में
  • TVS Motor: 86% बिक्री 125cc से नीचे की बाइक्स से
  • Bajaj Auto: लगभग 72% बिक्री इसी श्रेणी में
स्पष्ट है कि अगर नया एबीएस नियम लागू होता है, तो सबसे अधिक असर उन कंपनियों पर पड़ेगा जो मास-मार्केट और बजट सेगमेंट की बाइक्स बनाती हैं।
Pradeep Pandey
Pradeep Pandey author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article