Hyundai: हुंडई कंपनी ने इस महीने किया 5 हजार कारों का निर्यात, 8 मई को शुरु हुआ था कारखाना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2020, 02:28 PM IST

Hyundai Car Export: लॉकडाउन के चलते हुंडई के कारखाने में उत्पादन का काम रुक गया था, अब खबर आई है कि कंपनी ने करीब 5 हजार कारों का निर्यात किया है।

Hyundai: हुंडई कंपनी ने इस महीने किया 5 हजार कारों का निर्यात, 8 मई को शुरु हुआ था कारखाना

नई दिल्ली: हुंडई मोटर इंडिया लि. (एचएमआईएल) ने इस महीने 5,000 से ज्यादा वाहनों का निर्यात किया है। कंपनी के चेन्नई कारखाने में दोबारा उत्पादन आठ मई को शुरू हुआ था। एचएमआईएल ने बयान में कहा कि कंपनी सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के प्रति प्रतिबद्ध है। इसी के अनुरूप मई में कंपनी ने 5,000 से अधिक वाहनों का निर्यात किया है।

एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एस एस किम ने कहा, ‘हम एक बार फिर शांत तरीके से चीजों को सामान्य करना शुरू कर दिया है। मई में हम 5,000 से अधिक वाहनों का निर्यात कर चुके हैं।’ कंपनी ने भारत से वाहनों का निर्यात 1999 में शुरू किया था।

अब तक निर्यात किए 33 लाख वाहन: किम ने कहा कि कंपनी अब तक भारत से चार महाद्वीपों के 88 देशों को 30 लाख से अधिक वाहनों का निर्यात कर चुकी है। पिछले कैलेंडर वर्ष में कंपनी ने 1,81,200 वाहनों का निर्यात किया था। एचएमआईएल ने कहा कि 2019 में देश से कुल वाहन निर्यात में उसका हिस्सा 26 प्रतिशत का था। कंपनी फिलहाल वेन्यू और क्रेटा सहित देश से 10 मॉडलों का निर्यात करती है।

End of Article