UP Murder Case: मैनीपुरी में युवती से मिलने घर पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़कर इतना मारा कि निकल गया दम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 25, 2022, 11:29 PM IST

Mainpuri Murder: मैनपुरी में युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। युवक रात में युवती से मिलने पहुंचा था। जिसे युवती के परिजनों ने देख लिया और पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

UP Murder Case: मैनीपुरी में युवती से मिलने घर पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़कर इतना मारा कि निकल गया दम
Photo Credit: Twitter

Mainpuri Murder: यूपी के मैनपुरी जिले से खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक रात में युवती से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया था। घटना मैनपुरी जिले के थाना भोगांव के नगला ताड़ गांव में हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवक की हत्या के आरोप में दंपति समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। 

जानकारी के अनुसार, गांव का रहने वाला युवक दुर्वेश यादव (24) बुधवार की रात करीब 12 बजे गांव की युवती के घर में घुस गया। जिस समय युवक युवती एक कमरे में थे, उसी दौरान युवती के परिजनों की नींद खुल गई। युवती की मां, पिता और बहनों ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद युवक को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से जमकर पीटा।

शोर-शराब सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई

शोर-शराब सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने युवती की मां, पिता और एक बहन को हिरासत में ले लिया है। मामले की जानकारी देते हुए मैनपुरी पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने बताया कि युवक रात में युवती के घर में घुसा था, परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। घायल युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

मां-बेटी बोली, युवक की हरकतों से परेशान आ गए थे

युवक की हत्या के बाद पुलिस हिरासत में ली गई महिला ने चीखते हुए कहा कि उसे अपने किए पर पछतावा नहीं है। उसकी आठों बेटियों पर गांव के युवक गंदी नजर रखते थे। वहीं, पिता ने कहा कि इस वारदात के बाद मेरी सभी बेटियां सम्मान के साथ जी सकेंगी। वहीं,  आरोपी मां और बहन ने युवक को पीटने की बात से इंकार नहीं किया। उनका कहना था कि युवक की हरकतों से परेशान आ गए थे। उन्हें अपने किए पर पछतावा नहीं है। युवती के पिता ने कहा कि युवक रात में जब अचानक सामने आया तो उन्हें कुछ समझ में नहीं आया कि क्या करें। अब उसे कोई मलाल नहीं है। 
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!