Agra: केबल सही करने आए शख्स ने की डॉक्टर की हत्या, बच्चों पर भी किया हमला, चढ़ा पुलिस के हत्थे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 22, 2020, 07:37 AM IST

पुलिस ने आगरा में शुक्रवार को एक दंत चिकित्सक की गला रेतकर कथित रूप से हत्या करने के मामले के आरोपी को घटना के पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

Agra: केबल सही करने आए शख्स ने की डॉक्टर की हत्या, बच्चों पर भी किया हमला, चढ़ा पुलिस के हत्थे

आगरा: पुलिस ने आगरा में शुक्रवार को एक दंत चिकित्सक की गला रेतकर कथित रूप से हत्या करने के मामले के आरोपी को घटना के पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने चिकित्सक निशा सिंघल की आठ साल की बेटी एमिशा और चार साल के बेटे अद्वय पर भी चाकुओं से वार किया और वह उन्हें मृत समझकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के पांच घंटे बाद शुक्रवार रात कालिंदी विहार में रात 12 बजे के लगभग मुठभेड़ के बाद आरोपी शुभम पाठक को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से लूटी गयी रकम और जेवरात बरामद किये गए हैं। उल्लेखनीय है कि शहर के थाना कमलानगर क्षेत्र में शुक्रवार शाम महिला चिकित्सक के गले पर चाकू से प्रहार किया गया। उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कमलानगर के कावेरी कुंज निवासी प्लास्टिक सर्जन डॉ. अजय सिंघल की पत्नी डॉ. निशा सिंहल (38) शुक्रवार शाम घर पर अकेली थीं। केबल में खराबी आने पर उन्होंने केबल ऑपरेटर को फोन किया जिसे सही करने के लिए शुभम उनके घर पहुंचा। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति ने घर में लूटपाट की कोशिश की। डॉ. निशा के विरोध करने पर उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया।

महानिरीक्षक ए सतीश गणेश ने बताया कि निशा सिंघल की हत्या के बाद एसपी सिटी और एसएसपी के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं। एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या प्रतीत होता है कि आरोपी शुभम पाठक ने ही उक्त हत्याकांड की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस उसके खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है और उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जायेगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!