दुनिया

मंगलवार को ईरान के तेल पर कब्जा कर लेंगे ट्रंप या फिर बढ़ेगी समयसीमा; आखिर क्या करना चाहते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति?

ईरान युद्ध न्यूज: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप ने ईरान को फिर धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए उनके द्वारा दी गई मियाद के सिर्फ कल तक का वक्त बचा है। इसके बाद ईरान पर अमेरिका का कहर बरसेगा।​

Image

ट्रंप ने फिर दी धमकी।(फोटो:AP)

war hindi news: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ सोमवार यानी कल तक ही कोई समझौता हो सकता है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो ईरान के पावर प्लांट और पुलों को ध्वस्त करने और ईरान के तेल पर कब्जा करने पर विचार कर रहे हैं।अमेरिकी राष्ट्रपति की ये धमकी फॉक्स न्यूज के साथ एक इंटरव्यू के दौरान आई। हालांकि इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान अमेरिका के साथ शांति को लेकर बातचीत कर रहा है। अब ऐसे में ये देखना होगा कि अमेरिकी राष्ट्रपति मंगलवार को क्या कदम उठाते हैं। जो दावे वे कर रहे हैं क्या वैसा ही होगा या फिर पहले की तरह ही तीसरी बार फिर से ईरान के लिए समयावधि का विस्तार होगा?

'पुल और पावर प्लांट गिरा देंगे, तबाही मचेगी'

फॉक्स न्यूज के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ने फोन साक्षात्कार के दौरान कहा,'अगर वे जल्द से जल्द कोई समझौता नहीं करते हैं, तो मैं सब कुछ उड़ा देने और तेल पर कब्जा करने पर विचार कर रहा हूं। आप उनके पूरे देश में पुल और बिजली संयंत्र गिरते हुए देखेंगे।'हालांकि,आगे अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि कुछ ईरानी अधिकारी अभी बातचीत कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि मुझे विश्वास है कि सोमवार तक एक समझौते की अच्छी संभावना है।

ईरानी प्रदर्शनकारियों को बंदूकें भेजने का भी किया दावा

उन्होंने आगे कहा कि इस साल की शुरुआत में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों पर ईरानी शासन की खूनी कार्रवाई के बाद, अमेरिका ने कुर्द मिलिशिया बलों के जरिए ईरानी प्रदर्शनकारियों को बंदूकें भेजकर उन्हें हथियारबंद करने की कोशिश की, लेकिन यह कोशिश विफल रही, क्योंकि कुर्दों ने हथियार को अपने पास रख लिया।

ट्रुथ सोशल पर भी दी धमकी

यह फोनो इंटरव्यू ट्रंप द्वारा ट्रुथ सोशल पर ईरान को चेतावनी देने के कुछ ही समय बाद हुई। अपनी पोस्ट में ट्रंप ने ईरान को धमकाते हुए कहा कि ईरान के पास कल तक का वक्त है, वह होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दे, अगर वह ऐसा नहीं करता है तो मंगलवार को उसे नरक जैसा परिणाम भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने लिखा,'मंगलवार का दिन ईरान के लिए 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा—ये दोनों ही एक साथ होंगे। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा!!! उस जलडमरूमध्य (Strait) को खोल दो, तुम पागल क*, वरना तुम नरक में रहोगे-बस देखते जाओ! अल्लाह की जय हो। राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रम्प'

बीते दिन कुछ ऐसा ही कहा था

इससे एक दिन पहले भी ट्रंप ने कुछ इसी तरह की धमकी देते हुए ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने ईरान को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया था कि या तो वह Strait of Hormuz खोल दे या फिर डील करे। ईरान को दिए गए समय में अब सिर्फ 48 घंटे बचे हैं। इस समय में वो उनकी कही बात मान ले और होर्मुज को खोल दे, अन्यथा अमेरिका 48 घंटों के बाद ईरान पर कहर बरसाएगा। ट्रंप ने पहले भी कहा है कि अगर होर्मुज को खोला नहीं गया तो अमेरिका ऊर्जा ढांचे और ईरानी पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने पर विचार करेगा।

होर्मुज पर बार बार अपना रुख बदलते रहे हैं ट्रंप

होर्मुज को लेकर ट्रंप बार-बार अपने बयान बदलते रहे हैं। शुरुआत में उन्होंने ईरान को चार दिन की मोहलत दी थी और कहा था कि वो होर्मुज खोल दे और शांति समझौता कर ले, लेकिन फिर उन चार दिनों की मियाद पूरी होती उससे पहले ही ट्रंप ने इसका विस्तार करते हुए कुल दस दिन का समय ईरान को दिया था। अब यह समयसीमा सोमवार यानी कल खत्म हो रही है।

ईरान ने भी दिया था धमकी का जवाब

वहीं, ट्रंप की इन धमकियों के जवाब में बीती रात ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने पलटवार किया था। उन्होंने कहा,"अगर ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ तो तुम्हारे लिए नरक के द्वार खुल जाएंगे।' जनरल ने बदले में क्षेत्र में अमेरिकी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सभी बुनियादी ढांचे को नष्ट करने की धमकी दी।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article