Strait of Hormuz News: ईरान के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने कहा है कि उनका देश स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद नहीं किया है और वह इस मार्ग को बंद भी नहीं करेगा। ईरानी सैन्य अधिकारी ने कहा कि अमेरिका और इजरायल से लड़ने के लिए उसके पास अन्य तरीके एवं क्षमताएं हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के प्रमुख समुद्री जलमार्गों में से एक है। इससे दुनिया का करीब 20 प्रतिशत कच्चे तेल गुजरता है। इससे पहले कई मीडिया रिपोर्टों में ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करने का दावा किया गया।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद नहीं करेंगे-ईरानी सैन्य अधिकारी
गुरुवार को ईरान के सरकार टेलिविजन के साथ बातचीत में खतम अल-अनबिया के डिप्टी कमांडर ब्रिगेडियर जनरल किउमार्स हैदरी ने कहा कि 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ईरान ने बंद नहीं किया है और वह इसे बंद भी नहीं करेगा।' उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल से लड़ने के लिए उन्हें पास युद्ध के अन्य तरीके एवं क्षमताएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा, 'हम पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने के आरोप लगे हैं। बावजूद इसके हमें स्ट्रेट बंद करने में विश्वास नहीं है क्योंकि अमेरिका और यहूदियों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए हमारे पास अन्य क्षमताएं भी हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करना इस बड़े युद्ध का एक छोटा कदम है।'
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हमारे नियम लागू-ईरान
हैदरी ने आगे कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान अपनी समुद्री नीति लागू करता है। हमारे प्रोटोकॉल का पालन करने वाले जहाजों को कोई दिक्कत नहीं है लेकिन ऐसे जहाज जो हमारे नियमों को नहीं मानेंगे उन्हें समुद्र में डुबो दिया जाएगा।
'युद्ध कब खत्म होगा, इसका फैसला हम करेंगे'
सैन्य अधिकारी ने कहा कि ईरान मिसाइलों से दुश्मनों पर भीषण हमले कर रहा है। ईरान के सभी हमले सफल हुए हैं और दूसरे देशों में दुश्मन के ठिकाने ध्वस्त हो गए हैं। इन ठिकानों का हाल गाजा की तरह हुआ है। हैदरी ने कहा, 'अमेरिकी अधिकारियों एवं सैनिकों को निश्चित रूप से फारस की खाड़ी, ओमान के समुद्र में डुबोया जाना चाहिए। दूसरों को हम कॉफिन में भेजेंगे। हम दुश्मन को कड़ा सबक सिखाने के लिए तैयार हैं और युद्ध कब खत्म होगा, इसका फैसला हम करेंगे।'
7वें दिन में प्रवेश कर गया है युद्ध
ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध के 7 दिन हो गए हैं। यह युद्ध बढ़ता जा रहा है। ईरान पश्चिम एशिया के देशों एवं खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेसों पर ड्रोन एवं मिसाइलों से हमला कर रहा है। इस बीच, अमेरिका ने अपने हमले में ईरान के एक ड्रोन युद्धपोत को निशाना बनाने का दावा किया है। वहीं, हिज्बुल्ला को निशाना बनाते हुए इजरायल ने बेरूत में हमले किए हैं।
