कोलंबो: देश छोड़कर भागने वाले श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे अभी मालदीव में ही मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक सिंगापुर भागने की फिराक में हैं और इसके लिए उन्होंने मालदीव सरकार से प्राइवेट जेट की मांग की है। वहीं गोटाबाया को शरण देने पर मालदीव के लोगों में भारी गुस्सा नज़र आ रहा है। श्रीलंकाई मूल के लोगों ने मालदीव की राजधानी माले में विरोध प्रदर्शन भी किया।। गौरतलब है कि..आर्थिक संकट के बीच राष्ट्रपति गोटाबाया देश से भाग निकले। जिसके बाद श्रीलंका के लोगों में भारी नाराज़गी है और इसका नतीजा सामने भी आया। लोगों ने पीएम आवास के बाहर जमकर हंगामा किया और सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हुई।
हालात बेकाबू
इस बीच श्रीलंका में हजारों लोगों की भीड़ पीएम ऑफिस में घुस चुकी है और सभी पीएम ऑफिस की इस बिल्डिंग के छत पर चढ़ गए। छत में चढ़कर लोग श्रीलंका का झंडा लहराते हुए दिखे। कुछ प्रदर्शनकारी तो गेट पर लगे खंबे पर चढ़ गए। अंदर सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे लेकिन वो चुपचाप पूरा तमाशा देख रहे थे। श्रीलंका में भारी विरोध प्रदर्शन के बीच देश के सरकारी टीवी चैनल पर भी प्रदर्शनकारियों का कब्जा हो गया है। ब्रॉडकास्ट रोक दिया गया है। प्रदर्शनकारी सरकारी टीवी के ऑफिस में भी दाखिल हो गए। उनकी मांग थी कि चैनल पर कुछ और नहीं दिखाया जाएगा। वो चाहते हैं कि चैनल पर बस विरोध प्रदर्शन की ही खबरें और तस्वीरें दिखाई जाएं।
अधर में लटका श्रीलंका का भविष्य
श्रीलंका का भविष्य अधर में लटका हुआ है तो दूसरी तरफ सड़क पर प्रदर्शनकारी और सुरक्षाकर्मी आमने-सामने खड़े हैं। कहीं आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। कहीं लाठीचार्ज किया जा रहा है। कहीं तोड़फोड़ हो रही है। गोटाबाया राजपक्षे और सरकार के खिलाफ बढ़ते आक्रोश के बीच देशभर में कर्फ्यू है।गोटाबाया भागकर मालदीव तो पहुंच गए लेकिन वहां भी उनके खिलाफ बवाल शुरू हो गया।बदलते घटनाक्रम के बीच उन्हें मालदीव में भी शरण नहीं मिली।सूत्रों के मुताबिक गोटाबाय राजपक्षे सिंगापुर के लिए रवाना हो सकते हैं।
