ट्रंप प्रशासन ने ईरान पर लगाया एक और प्रतिबंध; कहा- हम न्याय की मांग का करते हैं समर्थन
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Jan 15, 2026, 11:20 PM IST
Iran Protest: अमेरिका ईरान की सत्तावादी सरकार के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को कुचलने के आरोपी ईरानी अधिकारियों पर नए प्रतिबंध लगा रहा है। इन प्रतिबंधों में ईरानी वित्तीय संस्थानों से जुड़े एक गुप्त बैंकिंग नेटवर्क में शामिल 18 लोग और कंपनियां भी शामिल हैं। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का कहना है कि अमेरिका ईरानी जनता की स्वतंत्रता और न्याय की मांग का समर्थन करता है।
ईरान में धीमे पड़े विरोध प्रदर्शन (फोटो साभार: AP)
Iran Protest: अमेरिका ईरान की सत्तावादी सरकार के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को कुचलने के आरोपी ईरानी अधिकारियों पर नए प्रतिबंध लगा रहा है। अमेरिका के वित्त विभाग ने बृहस्पतिवार को ईरान में राष्ट्रीय सुरक्षा के सर्वोच्च परिषद के सचिव पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा भड़काने के आरोप में नए प्रतिबंध लगाए। इन प्रतिबंधों में ईरानी वित्तीय संस्थानों से जुड़े एक गुप्त बैंकिंग नेटवर्क में शामिल 18 लोग और कंपनियां भी शामिल हैं।
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का कहना है कि अमेरिका ईरानी जनता की स्वतंत्रता और न्याय की मांग का समर्थन करता है। ये प्रतिबंध अमेरिकी संपत्तियों और व्यवसायों तक पहुंच को रोकते हैं, लेकिन ये ज्यादातर प्रतीकात्मक हैं, क्योंकि कई लक्षित देशों में अमेरिकी धन नहीं है।
देशव्यापी प्रदर्शन हुए धीमे
ईरान की इस्लामिक सत्ता को चुनौती देने वाले देशव्यापी विरोध प्रदर्शन गुरुवार को धीरे-धीरे शांत होते नजर आए। एक सप्ताह पहले ही अधिकारियों ने देश को दुनिया से अलग-थलग कर दिया था और अपनी दमनकारी कार्रवाई को तेज किया था। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस दमनकारी कार्रवाई में कम से कम 2,615 लोग मारे गए।
ईरान की राजधानी तेहरान में प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिछले एक-दो दिन से सुबह के समय रात के दौरान जलाई गई आग के कोई निशान या सड़कों पर किसी प्रकार का कोई मलबा नहीं दिखा। उन्होंने बताया कि कई रातों से जारी गोलीबारी की तेज आवाज अब मंद पड़ गई है।
इस बीच, ईरान के सरकारी मीडिया ने अधिकारियों द्वारा एक के बाद एक की जा रही गिरफ्तारियों की घोषणा की। मीडिया के मुताबिक, इन गिरफ्तारियों के जरिये उन लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जिन्हें वे (ईरानी अधिकारी) 'आतंकवादी' कहते है और साथ ही वे स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट डिश की भी तलाश कर रहे हैं, जो फिलहाल वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट पर डालने का एकमात्र जरिया है।
ईरान ने हवाई क्षेत्र किया बंद
ईरान ने मेरिका के साथ तनाव बढ़ने के बीच अपने हवाई क्षेत्र को व्यावसायिक विमानों के लिए बंद करने का आदेश जारी किया।पायलटों के लिए जारी एक नोटिस में कहा गया है कि स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े सात बजे तक हवाई क्षेत्र के बंद रहने का अनुमान है। इससे पहले जारी एक आदेश में हवाई क्षेत्र को दो घंटे से कुछ अधिक समय के लिए बंद किया गया था।