दुनिया

अमेरिका की सैन डिएगो मस्जिद में फायरिंग, 3 लोगों की मौत; हेट क्राइम की आशंका

अमेरिका के सैन डिएगो स्थित इस्लामिक सेंटर में दो किशोर हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। बाद में दोनों हमलावर पास की सड़क पर वाहन में मृत पाए गए। घटना को पुलिस हेट क्राइम मानकर मामले की जांच कर रही है।मामले की जांच जारी है।

Image

सैन डिएगो की मस्जिद में फायरिंग

Photo : AP

अमेरिका के सैन डिएगो शहर में सोमवार को एक मस्जिद में गोलीबारी की घटना हुई। जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस के अनुसार, दो किशोर हमलावरों ने सैन डिएगो की सबसे बड़ी मस्जिद इस्लामिक सेंटर ऑफ सैन डिएगो में फायरिंग की, जिसमें तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। जिसके बाद दोनों संदिग्धों ने भी कुछ ही दूरी पर जाकर खुद को गोली मार ली।

हमले में मस्जिद के सुरक्षा गार्ड की मौत

सैन डिएगो के पुलिस प्रमुख स्कॉट वाहल ने बताया कि हमलावर की पहली सूचना सुबह 11:43 बजे मिली। जिसके बाद चार मिनट के अंदर ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। जहां इस्लामिक सेंटर के बाहर तीन लोग मृत पाए गए। जिनमें से एक व्यक्ति मस्जिद का सुरक्षा गार्ड भी था। शुरुआती जांच में इस घटना को 'हेट क्राइम' यानी नफरत से जुड़ा अपराध माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा गार्ड ने बहादुरी दिखाते हुए हमले को और ज्यादा खतरनाक होने से रोकने में अहम भूमिका निभाई।

मस्जिद परिसर में चली कई गोलियां

घटना के दौरान मस्जिद परिसर में कई गोलियां चलने की सूचना मिली, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारी एंथनी कैरास्को ने बताया कि लोगों ने लगातार गोली की आवाजें सुनीं और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों हमलावर बाद में एक वाहन में मृत पाए गए, जो पास की सड़क पर खड़ा था। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमलावर फायरिंग के समय मस्जिद के अंदर थे या बाहर से हमला कर रहे थे।

मस्जिद परिसर में एक स्कूल भी मौजूद

इस्लामिक सेंटर ऑफ सैन डिएगो काउंटी की सबसे बड़ी मस्जिद मानी जाती है। इसके परिसर में अल रशीद स्कूल भी स्थित है, जहां अरबी भाषा, इस्लामिक स्टडीज और कुरान की शिक्षा दी जाती है। जानकारी के अनुसार, स्कूल के सभी शिक्षक और छात्र सुरक्षित हैं। घटना के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों को हाथ पकड़कर मस्जिद परिसर से बाहर सुरक्षित निकाला गया। फिलहाल कोई खतरा नहीं है। लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियात के दौर पर पूरे दिन के लिए सेंटर को बंद भी किया गया। पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article