फ्रांस के ऐतिहासिक वर्साय पैलेस (Palace of Versailles) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ऐलान किया कि उन्होने ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने संबंधी एक समझौता ज्ञापन (Memorandum of Understanding) पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
न्यूज वेबसाइट AP के अनुसार, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी बुधवार को इस समझौते पर साइन किए हैं, हालांकि ईरान की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की कि ट्रंप ने वर्साय में अपने दौरे के दौरान समझौते पर हस्ताक्षर किए। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "यह समझौता साइन हो चुका है। मैंने इस पर वर्साय में हस्ताक्षर किए हैं। "
क्या है अमेरिका और ईरान के इस समझौते में?
पिछले कई दिनों से इस समझौते की शर्तों को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया था, लेकिन बुधवार को अमेरिकी अधिकारियों ने इस ड्राफ्ट की मुख्य बातें मीडिया के साथ साझा कीं। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित समझौते के तहत ईरान को अपने अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम (Highly Enriched Uranium) के भंडार को कम करना होगा। इसके बदले अमेरिका ईरान पर लगे कुछ प्रतिबंधों में राहत देगा, हालांकि प्रतिबंध पूरी तरह खत्म नहीं किए जाएंगे। मसौदे में यह भी प्रस्ताव है कि वैश्विक व्यापार के लिए सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को दो महीने तक पूरी तरह टोल-फ्री रखा जाएगा। साथ ही लेबनान की क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने और वहां जारी तनाव को कम करने की प्रतिबद्धता भी जताई गई है।
पहले डिजिटल हस्ताक्षर, अब औपचारिक पुष्टि
अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रविवार को ही इस समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर कर दिए थे। हालांकि इस ऐतिहासिक शांति समझौते को आधिकारिक रूप देने के लिए शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में एक औपचारिक हस्ताक्षर (Ceremonial Signing) का आयोजन पहले से तय है। लेकिन बुधवार को वर्साय में हुए हस्ताक्षरों के बाद अभी यह स्पष्ट नहीं है कि 60 दिन की अंतिम वार्ता अवधि अब शुरू होगी या नहीं। हालांकि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने बयान जारी कर कहा है कि दोनों पक्षों के हस्ताक्षर के बाद यह अमेरिका-ईरान समझौता 'तत्काल प्रभाव' से लागू हो गया है।
इतिहास के पन्नों में वर्साय का महत्व
सदियों से वर्साय महल कई ऐतिहासिक संधियों का गवाह रहा है, जिन्होंने बड़े-बड़े युद्धों और क्षेत्रीय विवादों को समाप्त किया है। इनमें सबसे प्रसिद्ध 1919 की 'वर्साय की संधि' थी, जिसने आधिकारिक तौर पर प्रथम विश्व युद्ध (WWI) को खत्म किया था। अब सदियों बाद इसी जगह से अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म होने की कहानी लिखी गई है।
