दुनिया

रोमांस विरोधी ट्रंप! अमेरिकी राजनयिक को कर दिया बर्खास्त; लगे गंभीर आरोप; चीन ने साधी चुप्पी

US Diplomat Romance Case: अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने देश के एक राजनयिक को चीनी महिला से कथित रोमांटिक संबंध रखने के कारण बर्खास्त कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा मामले की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो साभार: AP)

Photo : AP

US Diplomat Romance Case: अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने देश के एक राजनयिक को चीनी महिला से कथित रोमांटिक संबंध रखने के कारण बर्खास्त कर दिया है। महिला पर चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से संबंध होने का आरोप है। इस मामले को पिछले साल बाइडन प्रशासन के दौरान लागू किए गए उस प्रतिबंध के तहत पहली कार्रवाई माना जा रहा है, जिसमें अमेरिकी कर्मियों के चीनी नागरिकों से ऐसे व्यक्तिगत संबंध पर रोक लगाई गई थी।

पूर्ववर्ती सरकार ने लगाई थी रोक

‘एसोसिएटेड प्रेस’ की पहले की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के अंतिम दिनों में यह प्रतिबंध लगाया गया था। इसके तहत चीन में तैनात अमेरिकी सरकारी कर्मियों, उनके परिजनों और सुरक्षा मंजूरी प्राप्त संविदा कर्मचारियों को किसी भी चीनी नागरिक के साथ रोमांटिक या यौन संबंध रखने से मना किया गया था।

ट्रंप की समीक्षा के बाद हुई कार्रवाई

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि संबंधित राजनयिक को बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा मामले की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि राजनयिक ने ‘चीनी कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ाव वाली एक चीनी नागरिक के साथ अपने रोमांटिक रिश्ते को छुपाने की बात स्वीकार की थी।

पिगॉट ने कहा कि विदेश मंत्री रुबियो के नेतृत्व में हम उन कर्मचारियों के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति बनाए रखेंगे, जो देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करेंगे। संबंधित राजनयिक का नाम उजागर नहीं किया गया है, लेकिन दक्षिणपंथी कार्यकर्ता जेम्स ओ’कीफ द्वारा ऑनलाइन साझा किए गए वीडियो में राजनयिक और उसकी चीनी महिला मित्र नजर आए।

चीन ने साधी चुप्पी

बीजिंग में, चीन सरकार के प्रवक्ता ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि यह अमेरिका का घरेलू मामला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने दैनिक प्रेस वार्ता में कहा, "लेकिन मैं इस बात पर ज़ोर देना चाहूंगा कि हम वैचारिक मतभेदों के आधार पर कार्रवाई किए जाने और चीन को दुर्भावनापूर्ण रूप से बदनाम करने के खिलाफ हैं।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article