Rahul Gandhi On NEET Paper Leak: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि पेपर लीकर में शामिल दोषियों को जल्द और कड़ी सजा मिलेगी। इसके लिए फास्ट्र ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे। पीएम मोदी के इस ऐलान को लेकर कांग्रस नेता राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पीएम मोदी के एक्स पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान मौजूदा सरकार ने ही पहुंचाया है। आपकी सरकार ने ही शिक्षा व्यवस्था को कमजोर होने दिया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दिया।"
राहुल गांधी ने छात्रों की मांगों को भी दोहराया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें साफ हैं:
1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं।
2. छात्रों से माफ़ी मांगे।
3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करें।
युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में आगे कहा, "देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।"
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
छात्र अपना हक मांग रहे हैं: राहुल गांधी
इससे पहले राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन और जंतर-मंतर पर उनके साथ कथित मारपीट का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि आखिर छात्रों ने ऐसा क्या गलत किया है, जिसके लिए उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जा रहा है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि छात्र कोई अपराध नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने हक की मांग कर रहे हैं। इस दौरान राहुल ने केंद्र सरकार के सामने तीन मांगें भी रखीं।
