California designates Diwali as State Holiday: भारतीय प्रवासियों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। खुशखबरी की बात है कि कैलिफोर्निया ने दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश घोषित कर दिया है। इस तरह, यह अमेरिका का तीसरा राज्य बन गया है जिसने दिवाली को आधिकारिक तौर पर राजकीय अवकाश घोषित किया है।
अंतिम फैसले का हो रहा था इंतजार
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजॉम ने मंगलवार को घोषणा की कि उन्होंने विधानसभा सदस्य ऐश कालरा द्वारा दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित करने वाले विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। सितंबर में दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश घोषित करने वाला 'एबी 268' नामक विधेयक कैलिफोर्निया विधानमंडल के दोनों सदनों से सफलतापूर्वक पारित हो गया था और न्यूजॉम द्वारा अंतिम निर्णय का इंतजार हो रहा था।
'भारतीय अमेरिकियों की सबसे बड़ी आबादी'
कालरा ने पिछले महीने कहा था, 'कैलिफोर्निया में भारतीय अमेरिकियों की सबसे बड़ी आबादी रहती है और दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश घोषित करने से लाखों कैलिफोर्नियावासियों तक इसका संदेश पहुंचेगा, जो इसे मनाते हैं और इससे हमारे विविध राज्य में कई लोगों को इससे परिचित कराने में मदद मिलेगी।'
फैसले का स्वागत
अक्टूबर 2024 में पेंसिल्वेनिया दिवाली को आधिकारिक तौर पर राजकीय अवकाश के रूप में मान्यता देने वाला पहला राज्य बना। इसके बाद इस वर्ष कनेक्टिकट ने भी छुट्टी घोषिक की। वहीं, न्यूयॉर्क शहर में दिवाली को सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इधर अब सामुदायिक नेताओं और प्रमुख प्रवासी संगठनों ने दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित करने की कैलिफोर्निया की घोषणा का स्वागत किया।
