Iran–Israel War: ईरान के शीर्ष राजनयिक ने रविवार को चेतावनी दी कि देश के परमाणु स्थलों पर अमेरिका के हमलों के दूरगामी परिणाम होंगे और तेहरान के पास पलटवार करने के सभी विकल्प मौजूद हैं। विदेश मंत्री अब्बास अरागची इस्फहान, फोर्दो और नतांज पर अमेरिकी हमलों पर सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाले शीर्ष अधिकारी हैं। अरागची ने एक्स पर लिखा कि आज सुबह की घटनाएं बहुत ही भयानक हैं और इनके दूरगामी परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर और आत्मरक्षा के लिए वैध कदम की अनुमति देने संबंधी इसके प्रावधानों के अनुरूप ईरान के पास अपनी संप्रभुता, हितों और लोगों की रक्षा के लिए सभी विकल्प मौजूद हैं।
न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर अमेरिका का हमला
बता दें कि इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरानी परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी हमले के तुरंत बाद इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की थी। इसके अलावा, इजराइल ने ईरानी परमाणु सुविधाओं पर हमलों के बाद एक स्पष्ट एहतियाती उपाय के रूप में अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था। बता दें, अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर हमला कर तबाह करने का दावा किया था। पूरा अपडेट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में दिया। इस एयर स्ट्राइक के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका को अपना करीबी मित्र बताया।
हिब्रू भाषा में जारी वीडियो स्टेटमेंट में इजरायली पीएम ने कहा कि इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने जो शुरू किया उसे अमेरिका ने अंत तक पहुंचाया। बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने संघर्ष की शुरुआत से ही ईरान की 'न्यूक्लियर फैसिलिटी' तबाह करने का वादा पूरा कर दिया है। अमेरिका ने ईरान की न्यूक्लियर फैसिलिटी के खिलाफ वह काम पूरा किया है, जिसे 'आईडीएफ' ने 13 जून को शुरू किया था। नेतन्याहू ने कहा कि ऑपरेशन की शुरुआत में, मैंने आपसे वादा किया था कि ईरान की न्यूक्लियर फैसिलिटी को किसी न किसी तरह से तबाह कर दिया जाएगा। यह वादा पूरा किया गया है।
