यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेन लेयेन (Ursula von der Leyen) ने ईरान के साथ तुरंत बातचीत शुरू करने और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में कूटनीति ही एकमात्र रास्ता है, जिससे क्षेत्र में शांति बहाल की जा सकती है और वैश्विक स्थिरता को बनाए रखा जा सकता है।
लेयेन ने आज यानी मंगलवार 24 मार्च को स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी पक्षों को तुरंत शत्रुता समाप्त करनी चाहिए, ताकि हालात और न बिगड़ें। उन्होंने खास तौर पर ईरान से Strait of Hormuz में शिपिंग पर लगाए गए प्रतिबंध हटाने की मांग की। यह जलड़मरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है, जहां से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल परिवहन होता है।
उर्सुला वॉन डेन ने चेतावनी दी कि इस मार्ग में किसी भी तरह की बाधा से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में बड़ा उछाल आ सकता है और वैश्विक सप्लाई चेन पर गंभीर असर पड़ सकता है। लेयेन के मुताबिक, यह संकट सिर्फ क्षेत्रीय नहीं है, बल्कि इसके दूरगामी आर्थिक परिणाम भी हो सकते हैं।
यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष ने यह भी साफ कर दिया कि यूरोपीय यूनियन किसी भी सैन्य हस्तक्षेप पर तभी विचार करेगा, जब क्षेत्र में शत्रुता पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूरोपीय संघ का प्राथमिक उद्देश्य कूटनीतिक समाधान को बढ़ावा देना है, न कि सैन्य कार्रवाई।
उनके इस बयान के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तनाव कम करने और सुरक्षित समुद्री मार्ग बहाल करने की मांग तेज हो गई है। कई देशों और संगठनों ने संवाद के जरिए समाधान निकालने की वकालत की है, ताकि किसी बड़े वैश्विक संकट से बचा जा सके।
