दुनिया

रूस से जंग के बीच यूक्रेन में बड़ा उलटफेर! प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिदेंको ने दिया इस्तीफा; जेलेंस्की से भी की बात

Russia Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की ओर से सरकार में व्यापक फेरबदल की घोषणा किए जाने के बीच प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिदेंको ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

Image

यूक्रेन की प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिदेंको ने दिया इस्तीफा

Photo : AP

Russia Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की ओर से सरकार में व्यापक फेरबदल की घोषणा किए जाने के बीच प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिदेंको ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में स्विरिदेंको ने कहा, ''यूक्रेन के आधुनिक इतिहास के सबसे कठिन दौर में से एक के दौरान सरकार का नेतृत्व करने का अवसर मिलना मेरे लिए गर्व की बात है।''

यूलिया ने जेलेंस्की से की बात

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ उनकी आगे की रणनीति पर चर्चा हुई है, हालांकि उन्होंने इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, ''मैं यूक्रेन की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हूं और ऐसा हर दायित्व निभाऊंगी, जिसका उद्देश्य देश की स्थिति को मजबूत करना, राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना और न्यायपूर्ण शांति स्थापित करना हो।''

यूक्रेन की पूर्व वित्त मंत्री स्विरिदेंको को जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री बनाया गया था और उस समय वह महज 35 साल की थीं। उन्होंने यूक्रेन और अमेरिका के बीच खनिज समझौता कराने में अहम भूमिका निभाई थी। इस समझौते को अमेरिका के हितों को यूक्रेन की सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया था।

यूक्रेन में हो रहा राजनीतिक फेरबदल

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर उनकी विदाई की घोषणा करते हुए कहा कि यूक्रेन अपनी राजनीतिक रणनीति में बदलाव कर रहा है। सरकार में फेरबदल पर जेलेंस्की ने कहा, ''विदेश नीति के प्रत्येक प्राथमिकता वाले क्षेत्र की जिम्मेदारी ऐसे अनुभवी व्यक्ति को सौंपी जाएगी, जो शीर्ष नेतृत्व स्तर पर हुए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू कर सके और यूक्रेन की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके।'' उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के शीर्ष स्तर पर भी बदलाव किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन की ओर से रूस के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यूक्रेन की सेना लगातार रूस के तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बना रही है।

रूस के समारा क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव फेदोरिशचेव ने बताया कि घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हमले में रिहायशी मकानों, आवासीय इमारतों और एक औद्योगिक परिसर को भी नुकसान पहुंचा है। रूसी मीडिया के अनुसार, इस हमले का निशाना सिजरान तेल रिफाइनरी थी। कई मीडिया संस्थानों ने ऐसी तस्वीरें साझा कीं, जिनमें रिफाइनरी में धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है।

रूस की तेल एवं गैस कंपनी 'रोजनेफ्ट' के स्वामित्व वाली यह रिफाइनरी यूक्रेन सीमा से लगभग 800 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और पहले भी कई बार यूक्रेन ने अपने हमलों में इसे निशाना बनाया है। इसके जवाब में मॉस्को ने कीव और यूक्रेन के अन्य शहरों पर हमले तेज कर दिए हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र में स्थित ओडेसा और चोर्नोमोर्स्क बंदरगाहों पर हमला किया है। हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों ने इन दावों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article