बिजनेस

Tata साम्राज्य पर वर्चस्व की जंग! चंद्रशेखरन के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की तैयारी में नोएल टाटा

टाटा समूह में वर्चस्व की लड़ाई अब अदालत तक पहुंचने वाली है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा अब टाटा सन्स के चेयरमैन के तौर पर चंद्रशेखरन की फिर से नियुक्ति को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।

Image

चंद्रशेखरन के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी में नोएल टाटा

Battle of Tata Reaches High Court : टाटा ग्रुप के भीतर नेतृत्व और नियंत्रण को लेकर चल रही खींचतान अब कानूनी लड़ाई में बदल गई है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा (Noel Tata) और टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन चंद्रशेखरन (N Chandrasekaran) के बीच विवाद अब बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंचने की तैयारी में है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को चुनौती देने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दे दी है। दोनों ट्रस्टों ने मिलकर 65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की है। इस विवाद ने देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा ग्रुप के नेतृत्व और भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टाटा संस के बोर्ड की 17 सितंबर को हुई बैठक में एन चंद्रशेखरन को दोबारा एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। इस प्रस्ताव पर बोर्ड में मतभेद सामने आए। टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नियुक्त निदेशक नोएल टाटा ने इसका विरोध किया, जबकि दूसरे नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया। दोनों के बीच मतभेद के बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्वतंत्र निदेशक हरीश मनवानी ने कास्टिंग वोट यानी निर्णायक मत का इस्तेमाल किया। इसके बाद चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का प्रस्ताव मंजूर हो गया।

टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि कंपनी के आर्टिकल 121 के तहत चेयरमैन की नियुक्ति के मामले में टाटा ट्रस्ट्स के नामित निदेशकों की निर्धारित सहमति जरूरी है। ट्रस्टों का तर्क है कि जब दोनों नामित निदेशकों के बीच सहमति नहीं थी, तब बोर्ड चेयरमैन का कास्टिंग वोट इस्तेमाल करके प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दे सकता था। वहीं, टाटा संस का कहना है कि चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का प्रस्ताव वैध तरीके से पारित हुआ है। अब इसी कानूनी व्याख्या पर अदालत में दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की संभावना है।

₹65 करोड़ का हर्जाना क्यों मांग रहे हैं ट्रस्ट?

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ट्रस्टों ने मुकदमा दायर होने की तारीख से भुगतान तक 18 फीसदी सालाना ब्याज भी मांगा है। ट्रस्टों की मांग है कि अदालत 17 सितंबर को चंद्रशेखरन की नियुक्ति के लिए पारित प्रस्ताव को गैरकानूनी और अमान्य घोषित करे। इसके साथ ही टाटा संस को इस प्रस्ताव पर अमल करने से रोकने की मांग भी की गई है। दोनों ट्रस्ट चाहते हैं कि अदालत अंतरिम राहत देते हुए यह भी स्पष्ट करे कि भविष्य में टाटा संस के बोर्ड में ट्रस्ट के दोनों नामित निदेशकों के बीच असहमति होने पर चेयरमैन कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करके प्रस्ताव पारित न कर सके।

30 नवंबर की बोर्ड बैठक पर भी निगाहें

यह पूरा विवाद ऐसे समय बढ़ा है, जब टाटा संस के बोर्ड की अगली बैठक 30 नवंबर को होनी है। इस बैठक में कंपनी के भविष्य के ढांचे, संभावित लिस्टिंग, नियामकीय मुद्दों और अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। नोएल टाटा ने 25 नवंबर को टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय को चार पन्नों का एक पत्र भी लिखा था। इसमें उन्होंने कंपनी के आर्टिकल 121B का हवाला देते हुए कहा कि निदेशकों की ओर से पहले से औपचारिक नोटिस देकर उठाए गए मुद्दों पर अन्य प्रस्तावों से पहले चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने बोर्ड बैठक के एजेंडे में कई मुद्दों को प्राथमिकता देने की मांग की। इनमें टाटा संस के पुनर्गठन का प्रस्ताव, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मिले पत्र, TVS मोटर और Hanno One Warehousing से जुड़े लेनदेन तथा चेयरमैन की नियुक्ति के लिए सेलेक्शन कमेटी बनाने का मुद्दा शामिल है।

टाटा संस पर किसका कितना नियंत्रण?

टाटा संस टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी है। टाटा ट्रस्ट्स के पास इसमें करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है। यही वजह है कि ट्रस्ट्स की भूमिका कंपनी के महत्वपूर्ण फैसलों में काफी अहम मानी जाती है। इस कानूनी लड़ाई में सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट शामिल हैं। दोनों ने 25 नवंबर को अलग-अलग सर्कुलर प्रस्तावों के जरिए कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी। प्रस्तावों के पक्ष में नोएल टाटा, उनके बेटे नेविल टाटा और भास्कर भट्ट ने समर्थन दिया, जबकि विजय सिंह और वेणु श्रीनिवासन ने विरोध किया।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article